अलीगढ कस्बे में चोरों ने एक बार फिर चोरी का प्रयास किया है। बुधवार रात को अलीगढ़ में खातियों के मोहल्ला में एक मकान की पीछे की ओर की सीमेंट की जाली तोड़कर कर अंदर घुसने का प्रयास किया, लेकिन अंदर जाग होने पर चोर भाग छूटे। उधर, आये दिन अलीगढ़ में चोरियां, लूट और चोरी के प्रयास की हो रही घटनाओं से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। एक माह में ही इस कस्बे में आधा दर्जन चोरी और लूट की घटना हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस एक छोटी सी चोरी का खुलासा करने के अलावा बड़ी चोरियों के आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। बुधवार रात भी अलीगढ़ कस्बे के ख़लील के मकान के पीछे से चोरों ने जाली उखाड़ दी और उसमें से अंदर घुसने लगे तो खलील जाग गया। उसने आवाज लगाई तो चोर भाग गए। इसी तरह अलीगढ़ पंचायत समिति के पास बुधवार रात को ही निजाम मास्टर के घर में पांच नकाबपोश चोरों ने घर में घुसने का प्रयास किया, लेकिन यहां भी जाग होने नकाबपोश फरार हो गए। इस तरह चोरों को सक्रियता और पुलिस की निष्क्रियता से लोगों में डर है। लोग रात भर ठीक से सो नहीं पा रहे हैं। चोरियों और लूट को लेकर लोगों ने किया था थाने पर प्रदर्शन अलीगढ़ कस्बे में लूट और चोरी की घटनाओं से परेशान लोगों ने दो दिन पहले ही अलीगढ़ कस्बा बंद कर थाने का घेराव किया था। जोरदार प्रदर्शन किया था। पुलिस ने पांच दिन में व्यवस्था सुधारने का भरोसा दिलाया था, लेकिन बीती रात को ही चोरों ने दो मकानों में चोरी का प्रयास किया।