जमीनी विवाद को लेकर हुए झगड़े में बदमाशों ने आईटीआई स्टूडेंट की आंख में गोली मार दी। गोली उसके सिर के पीछे वाले हिस्से में फंसी थी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका। मामला कोटा जिले के कैथून थाना स्थित ताथेड़ गांव का है 5 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज
डीएसपी बेनी प्रसाद ने बताया- जांच में जमीनी विवाद में झगड़े की बात सामने आई है। फायरिंग में रोहित मीणा (22) पुत्र गोबरी लाल निवासी अरण्या गांव की बाईं आंख में गोली लगी थी। उसे गंभीर हालत में कोटा के निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कैथून थाना CI धनराज मीणा ने बताया- गोली बाईं आंख में घुसकर सिर के पीछे वाले हिस्से में फंसी थी। आज सुबह 11:30 बजे शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने रोहित मीणा, शरणजीत, लक्की, प्रिंस, सोमेश के खिलाफ नामजद और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 4 लोगों को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। दोस्तों के साथ जाने की कहकर गया था
रोहित के चाचा गेंद बिहारी ने बताया- रोहित कोटा में संजय नगर इलाके में स्थित आईटीआई कॉलेज में पढ़ाई करता था। उसका प्लम्बर ट्रेड में दूसरा साल था। वह खेती का काम भी संभालता था। रोहित गुरुवार शाम को गोदल्याहेड़ी खेत पर गया था। वहां से मजदूरों को छोड़ने के लिए आरण्या आया। इसके बाद वह घर आया और कहा कि वह अपने दोस्तों नरेंद्र मीणा, रणजीत और विजेंद्र के साथ घूमने जा रहा है। उन्होंने बताया- रात 8 बजे रोहित पर फायरिंग की सूचना मिली थी। इस पर मौके पर पहुंचे और रोहित को कोटा के निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे एमबीएस अस्पताल रेफर कर दिया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हाथापाई के दौरान हुई फायरिंग
रोहित के दोस्त नरेंद्र मीणा ने बताया- कोटा-बारां हाईवे पर ताथेड़ गांव में श्याम रसोई ढाबे पर बाइक खड़ी की और स्कॉर्पियो लेकर डगारिया गांव गए थे। इसमें रोहित, रणजीत और विजेंद्र भी साथ थे। यहां से वापस बाइक लेने श्याम रसोई ढाबे पर लौटे तो अचानक रोहित मीणा ने मुझ पर हमला कर दिया। नरेंद्र ने बताया- हम दोनों में आपस में हाथापाई चल रही थी, इसी दौरान किसी ने पीछे से मेरे हाथ पर लट्ठ मार दिया। मेरे सामने खड़े रोहित ने चिल्लाकर फायरिंग करने के लिए बोला तो उसके साथ आए युवक ने गोली चला दी। गोली सीधे रोहित की आंख में लगी और वह नीचे गिर गया। रोहित के गोली लगने के बाद बदमाश भाग निकले। हम रोहित को गंभीर हालत में कोटा के अस्पताल ले गए।
