fb125a87 0244 43dc 9565 b0e77a38df031720787816461 1720796006 iHiFkJ

हनुमानगढ़ जिले के रावतसर में शुक्रवार शाम 4 बजे करीब 1 घंटे तक बारिश का दौर जारी रहा। 38 एमएम बारिश होने से शहर के करीब सभी हिस्सों में पानी भर गया। शहर के मुख्य बाजार में करीब 2 फीट तक पानी भर गया। रामदेव रोड, भगत सिंह चौक, मटोरिया गैराज सहित मेगा हाईवे पर भी पानी भरने से वाहन ड्राइवरों को भारी परेशानियां उठानी पड़ी। बारिश के बाद दुकानदार गहरे पानी में अपनी दुकान बंद कर घरों की ओर लौट गए। पहली बारिश में पानी निकासी की जिम्मेवारी लेने वाले नगर पालिका प्रशासन के पानी निकासी के दावे धरे रह गए। नगर पालिका कार्यालय में भी पानी भर गया। पिछले कई वर्षों से मुख्य बाजार में जलभराव की स्थिति से छुटकारा पाने के लिए प्रशासन से मांग कर हैं। दुकानदारों के लिए इस वर्ष भी वहीं स्थिति पैदा हो गई। तेज बारिश से मेगा हाईवे पर 1 घंटे तक नहर जैसा मंजर नजर आया। रावतसर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देवीलाल मटोरिया ने आरोप लगाया कि मटोरिया गैराज से नाला बनाते हुए पानी निकासी के लिए चार पॉइंट निर्धारित किए जाने थे। जिसकी निविदा भी निकाली गई थी। जिसको भाजपा के पार्षदों ने अधिकारियों से मिलकर निरस्त करवा दिया। जिसका खामियाजा कस्बेवासियों को भुगतना पड़ रहा है। वहीं नगर पालिका ईओ शैलेन्द्र गोदारा ने बताया कि बारिश के समय कस्बे में 11 इंच तक पानी था। जिसको लेकर दो पम्प हाउस पर लगे हुए हैं। जो लगातार पानी निकाल रहे हैं। अब 10 इंच तक पानी रह गया है। पानी निकालने का पालिका प्रयास में जुटी हुई है।

By

Leave a Reply