आलिया नीलम पाकिस्तान की पहली महिला जज बनीं। UN) ने वर्ल्ड पॉपुलेशन प्रोस्पेक्ट्स 2024 रिपोर्ट जारी की। वहीं, पोपोय की एक्ट्रेस शेली डुवैल का निधन हुआ।
आइए आज के ऐसे ही प्रमुख करेंट अफेयर्स पर नजर डालते हैं, जो सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स के लिए अहम हैं…
नेशनल (NATIONAL)
1. 25 जून को संविधान हत्या दिवस घोषित: 12 जुलाई को केंद्र सरकार ने गजट नोटिफिकेशन जारी कर 25 जून यानी इमरजेंसी की तारीख को संविधान हत्या दिवस घोषित किया। गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर इसका गजट नोटिफिकेशन शेयर कर इसकी जानकारी दी।
- भारत सरकार ने हर साल 25 जून को ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय किया है।
- यह दिन उन सभी लोगों के विराट योगदान का स्मरण कराएगा, जिन्होंने 1975 के आपातकाल के अमानवीय दर्द को झेला था।
- 25 जून 1975 को देश में 21 महीने के लिए इमरजेंसी लगाई गई थी।
- तत्कालीन PM इंदिरा गांधी के कहने पर राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद ने इमरजेंसी के आदेश पर दस्तखत किए थे।
- इसके बाद इंदिरा ने रेडियो से आपातकाल का ऐलान किया था।
लॉन्च एंड इवेंट (LAUNCH & EVENT)
2. सीएम विष्णुदेव साय ने 15 इंटरसेप्टर व्हीकल लॉन्च किए: 12 जुलाई को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 15 नई इंटरसेप्टर व्हीकल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इंटरसेप्टर व्हीकल को सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए लॉन्च किया गया है।
- इंटरसेप्टर व्हीकल स्पीड रडार गन, ब्रेथ एनालाइजर और सर्विलांस कैमरा से लैस है।
- स्पीड रडार गन से तेज रफ्तार में दौड़ने वाले वाहनों की गति को मापा जाता है।
- शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले लोगों की जांच ब्रीथ एनालाइजर मशीन से की जाएगी।
- 15 इंटरसेप्टर व्हीकल की कीमत 4.78 करोड़ रुपए है।
- इन व्हीकल्स की मदद से पुलिस सड़क हादसों और सड़क नियमों के उल्लंघनों पर काबू करेगी।
रैंक एंड रिपोर्ट (RANK & REPORT)
3. 2060 तक भारत की जनसंख्या 1.7 अरब होगी: 11 जुलाई को संयुक्त राष्ट्र (UN) ने वर्ल्ड पॉपुलेशन प्रोस्पेक्ट्स 2024 रिपोर्ट जारी की। इस रिपोर्ट के मुताबिक भारत की जनसंख्या 2060 के दशक की शुरुआत में लगभग 1.7 अरब तक पहुंचने का अनुमान है।
- 2060 के बाद देश की आबादी में 12% की कमी आएगी।
- भारत पूरी शताब्दी के दौरान दुनिया में सबसे ज्यादा आबादी वाला देश बना रहेगा।
- भारत 2021 में चीन को पीछे छोड़कर दुनिया का सबसे ज्यादा आबादी वाला देश बन गया था।
- 2100 तक भारत के पहले स्थान पर रहने का अनुमान है।
- 2080 के दशक के मध्य तक दुनियाभर में लगभग 10.3 अरब लोगों की संख्या हो जाएगी।
- 2080 के बाद वैश्विक जनसंख्या में धीरे-धीरे गिरावट शुरू होगी।
- सदी के आखिरी समय तक 10.2 अरब लोगों तक जनसंख्या में गिरावट होगी।
निधन (OBITUARY)
4. पोपोय की एक्ट्रेस शेली डुवैल का निधन: 11 जुलाई को हॉलीवुड एक्ट्रेस शेली डुवैल का 75 साल की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से डायबिटीज से पीड़ित थीं। शेली ने मशहूर टीवी सीरियल और फिल्म ‘पोपोय’ में लीड एक्ट्रेस का रोल प्ले किया था।
- शेली ने ‘नैशविले’, ‘पोपोय’ और ‘3 विमेंस’ जैसी मशहूर फिल्मों में काम किया था।
- ‘3 विमेंस’ के लिए शेली को कान्स फिल्म फेस्टिवल में बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला था।
- शेली ने कई हॉरर फिल्मों में भी काम किया, जिसके लिए उन्हें ब्रिटिश अकादमी का फिल्म पुरस्कार मिला था।
- उन्होंने 1970 में रिलीज हुई फिल्म ‘ब्रूस्टर मैकक्लाउड’ से फिल्म करियर की शुरुआत की थी।
इंटरनेशनल (INTERNATIONAL)
5. आलिया नीलम पाकिस्तान की पहली महिला जज बनीं: 11 जुलाई को आलिया नीलम ने पाकिस्तान की पहली महिला जज के रूप में शपथ ली। उन्हें लाहौर हाईकोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस मलिक शहजाद की जगह नियुक्त किया गया।
- पाकिस्तान न्यायिक आयोग (JCP) ने सर्वसम्मति से आलिया की पदोन्नति को मंजूरी दी।
- आलिया नीलम का जन्म 12 नवंबर 1966 को हुआ था।
- 1995 में उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी से LLB की डिग्री हासिल की थी।
- 1996 में उन्हें अधिवक्ता के रूप में रजिस्टर्ड किया गया था।
- 2008 में आलिया को सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत किया गया था।
- 2013 में वे लाहौर हाईकोर्ट में पदोन्नत हुईं थीं।
आज का इतिहास (TODAY’S HISTORY)
12 जुलाई का इतिहास: 1949 में आज के दिन ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर लगा बैन 16 महीने बाद हटा था। ये बैन महात्मा गांधी के निधन के 4 दिन बाद 4 फरवरी 1948 को लगाया गया था। 30 जनवरी 1948 को नाथूराम गोडसे ने महात्मा गांधी की हत्या की थी। उस समय गोडसे RSS का सदस्य था।
- 2001 में भारत और बांग्लादेश के बीच ‘मैत्री’ बस सेवा शुरू हुई थी।
- 1998 में 16वें वर्ल्ड कप फुटबॉल के फाइनल में फ्रांस ने ब्राजील को 3-0 से हराया था।
- 1989 में साउथ कोरिया के सियोल में लोटे वर्ल्ड एडवेंचर खोला गया था।
- 1960 में भागलपुर और रांची यूनिवर्सिटी की स्थापना हुई थी।
- 1935 में बेल्जियम ने तत्कालीन सोवियत संघ को मान्यता दी थी।
- 1823 में कलकत्ता में भारत में निर्मित पहला भाप से चलने वाला जहाज ‘डायना’ का उद्धाटन हुआ था।
- 1673 में नीदरलैंड्स और डेनमार्क के बीच रक्षा संधि पर हस्ताक्षर हुए थे।