नशे की लत के कारण एक युवक और युवती को परिवार ने घर से निकाल दिया। इसके बाद अपनी नशे की लत को पूरी करने के लिए दोनों एक अन्य साथी के साथ लूट-चोरी की वारदातें करने लगे। युवक बाइक चलाता था और युवती महिलाओं की चेन तोड़ती थी। दोनों पिछले 6 महीने से किसी स्थाई जगह पर नहीं रहे। इनको जहां जगह मिलती वहीं रहने लगते। प्रारंभिक पूछताछ में इन लोगों ने बुजुर्ग महिलाओं के साथ लूट करने की बात स्वीकार की है। दोनों ने बताया कि वह सूने मकानों में भी कई चोरी की वारदात कर चुके हैं। 1 साल पहले हुई दोनों की दोस्ती
शिप्रा पथ थाना सीआई अमित कुमार ने बताया- चेन स्नेचिंग, लूट और चोरी के मामले में अरुण उर्फ काकू (23) निवासी मानसरोवर और कोमल मौर्या (22) निवासी दौसा को गिरफ्तार किया है। दोनों को स्मैक लेने की लत है। दोनों त्रिवेणी नगर (जयपुर) में बजरी मंडी के पास एक महिला से स्मैक खरीदते थे। करीब एक साल पहले यहां पर इनकी दोस्ती हुई। इसके बाद दोनों ने स्मैक मिलने के दूसरे ठिकानों की जानकारी एक-दूसरे से शेयर की। सस्ती स्मैक के लिए दोनों एक साथ स्मैक खरीदने जाते थे। इनकी नशे की लत के कारण करीब 6 महीने पहले परिवार ने इनको घर से निकाल दिया। इसके बाद इन दोनों ने कई रातें श्मशान घाट, नाले, द्रव्यवती नदी, अस्पतालों के बाहर बिताई। नशे के लिए हर हद पार करने को तैयार
सीआई ने बताया- दोनों अपनी नशे की लत के लिए अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर शहर में चेन स्नेचिंग, लूट और चोरी की वारदात करने लगे। इससे जो पैसा मिलता, उससे स्मैक खरीदकर नशा करते। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने बताया- उन्हें नशे की इतनी लत लग चुकी है कि इसके लिए कोई भी काम कर सकते हैं। इन्हें खुद नहीं पता कि पिछले 6 महीने में इन लोगों ने कितनी चेन स्नेचिंग, लूट और चोरी की वारदातें कर चुके हैं। चोरी की बाइक से करते थे चेन स्नेचिंग
दोनों ने बताया कि वह अपने एक साथी के साथ सुबह जल्दी बाइक लेकर कॉलोनी में निकलते थे। कोमल बाइक पर पीछे बैठती और मौका देखकर महिलाओं की चेन तोड़ लेती। इसके बाद ये लूटी गई चेन को अलग-अलग माध्यम से बेच देते थे। इनके पास से एक बाइक भी बरामद हुई है, जो चोरी की निकली। पुलिस के फोन करने के बाद भी नहीं आए परिवार वाले
अमित कुमार ने बताया- अरुण अच्छे परिवार का लड़का है। कोमल मौर्या की कुछ साल पहले शादी हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद पति ने उसे छोड़ दिया। इसके बाद वह जयपुर में ब्यूटी पार्लर में काम करने लगी। यहां पर उसे स्मैक पीने की लत लग गई। इसके चलते उसे पार्लर से निकाल दिया गया। बाद में किसी ने उसे नौकरी नहीं दी। दोनों के परिवार को पुलिस ने कई बार फोन किया, लेकिन परिवार अभी तक नहीं पहुंचा है। इन दोनों का परिवार भी इनसे काफी परेशान हैं। 7 जुलाई को मानसरोवर में तोड़ी थी महिला की चेन
सीआई ने बताया- 7 जुलाई 2024 को सुबह करीब 8.30 बजे दोनों आरोपियों ने मानसरोवर के रामेश्वर मंदिर के पास विमला जैन (63) के गले से सोने की चेन तोड़ी थी। महिला अपने पति के गौतम जैन के साथ घर लौट रही थी, जो विश्वकर्मा नगर महारानी फार्म में रहती है। घटना की जानकारी मिलने के बाद से पुलिस टीमें आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी। 10 जुलाई को पुलिस को साफ फुटेज मिले। इससे पता चला कि वारदात करने में महिला भी शामिल है। इसके बाद इनकी फोटो मुखबिरों को दी गई तो पता लगा कि बाइक चलाने वाला अरुण हैं जो आसपास में घूमता है। इस पर पुलिस ने पहले अरुण को एसएफएस कॉलोनी से डिटेन किया। उससे पूछताछ के बाद कोमल को अग्रवाल फॉर्म से डिटेन किया गया।
