जयपुर के राजा पार्क स्थित भाटिया भवन में लोहड़ी पर्व को विशेष उत्सव के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक पूजा-अर्चना से हुई, जिसके बाद म्यूजिकल नाइट का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नववधुओं और नई माताओं में विशेष उत्साह देखा गया। परिवार की वरिष्ठ महिलाओं ने बहुओं से विशेष पूजा-अर्चना करवाई। परंपरा के अनुसार, अग्नि जलाकर उसमें मूंगफली, रेवड़ी, गजक और पॉपकॉर्न अर्पित किए गए। परिवार के सदस्यों ने अग्नि की परिक्रमा कर देवताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। अजय भाटिया ने बताया- लोहड़ी पर्व पर नई फसल की पूजा का विशेष महत्व होता है। मान्यता है कि इस दिन अग्निदेव और सूर्य को नई फसल समर्पित कर आभार प्रकट किया जाता है। साथ ही भविष्य में अच्छी फसल, सुख और समृद्धि की कामना की जाती है। त्योहार की धूम केवल भाटिया भवन तक ही सीमित नहीं रही। जयपुर के आदर्शनगर, जवाहरनगर, सेठी कॉलोनी, गुरुनानकपुरा और वैशालीनगर में भी लोहड़ी पर्व बड़े उत्साह के साथ मनाया गया।