शहर के नांता थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार के टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि बाइक सवार 2 अन्य युवक घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए निजी हॉस्पिटल लाया गया। बताया जा रहा है बाइक तीनों युवक खाटू श्याम जी के दर्शन कर वापस एमपी लौट रहे थे। शव को एमबीएस हॉस्पिटल की मोर्चरी में शिफ्ट करवाया है। मृतक वरुण (23) एमपी के राजगढ़ का निवासी था। अगले साल उसकी शादी होनी थी। हादसे की सूचना पर परिजन कोटा पहुंचे है। होने वाले ससुर गौतम कुमार ने बताया कि वरुण 4-5 दिन पहले अपने दोस्तों के साथ घूमने निकला था। आज सुबह 7 बजे ही उससे फोन पर बात हुई थी। उसने बताया था कि खाटू श्याम के दर्शन करके लौट आए है। रास्ते में चाय पानी पी रहे है।आज एमपी के राजगढ़ पहुंच जाएंगे। बात करने के घंटे भर बाद ही उसके एक्सीडेंट की सूचना मिली। एक ट्रोले ने उनकी बाइक के पीछे से टक्कर मार दी। ट्रोले का टायर वरुण के सिर से गुजर गया। वरुण की तीन साल पहले सगाई हुई थी। अगले साल शादी होनी थी। वरूण खेती सम्भालता है। नांता थाना एसएचओ नवल किशोर शर्मा ने बताया कि घटना सुबह 8 बजे के आसपास की है। बिना नम्बर का ट्रोला कोटा से बूंदी की तरफ जा रहा था। एक बाइक पर तीन युवक भी रोड़ पर चल रहे थे। केशवरायपाटन चौराहे से थोड़ा आगे तेज रफ्तार ट्रोले ने बाइक के पीछे से टक्कर मार दी। मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ लग गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को इलाज के लिए हॉस्पिटल लाया गया। हादसे में मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के निवासी वरुण की मौत हो गई। जबकि राजगढ़ जिले के निवासी अजय व साहिल घायल है। मृतक के परिजन कोटा पहुंचे है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई जारी है। हादसे के बाद आसपास के थाना क्षेत्रों में नाकाबंदी करवाई गई। ट्रोला व चालक को बूंदी पुलिस ने पकड़ लिया।