दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर एक स्कॉर्पियो बेकाबू होकर पलटने से चकनाचूर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन लोग घायल हो गए। घायलों में से एक हालत गंभीर बनी हुई हैं। हादसा शनिवार अलसुबह करीब 4 बजे लालसोट (दौसा) के राहुवास थाना क्षेत्र में हुआ। राहुवास थाने के हेड कॉन्स्टेबल पप्पू लाल ने बताया- दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर स्कॉपियो दिल्ली की ओर से महाराष्ट्र की ओर जा रही थी। इस दौरान पिलर संख्या 206 कुंतलवास पुलिया के पास बेकाबू होकर पलट गई। संभवत: स्कार्पियो ड्राइवर को झपकी आने से या फिर कार के सामने जानवर आने से हुआ है। इसके कारणों का अभी पता नहीं चला है। हादसे में चंडीगढ़ (पंजाब) निवासी सोनू पुत्र जगदेव सिंह (40), शरण वीर सिंह (36) पुत्र सुखदेव सिंह की मौत हो गई। वहीं तीन लोग घायल हो गए। सभी को दौसा जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से गंभीर घायल कमर जीत सिंह को डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर हायर सेंटर जयपुर के लिए रेफर कर दिया। मृतकों के शवों को दौसा हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। वहीं पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को क्रेन से हटवाकर यातायात को सुचारु करवाया।