डीग जिले के कामां थाना इलाके में एक व्यक्ति ने देर रात फांसी के फंदे से लटककर आत्महत्या ली। सुबह जब पड़ौसी उसके घर के सामने से निकला तो, उसने दीवार के हो रहे छेद से व्यक्ति के शव को लटकता हुआ देखा। जिसके बाद उसने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने FSL की बुलाकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस प्रथम दृष्टया सुसाइड मान रही है। कामां थाना अधिकारी मनीष शर्मा ने बताया कि मृतक नूर मोहम्मद हरियाणा के गांव नीमका का रहने वाला था। कामां के भंडारा गांव में उसकी ससुराल थी। नीमका में उसके परिवार का गांव के लोगों से झगड़ा हो गया। जिसके बाद नूर मोहम्मद नीमका गांव से अपने खेत और मकान बेचकर भंडारा गांव आ गया। 10 साल पहले उसने भंडारा गांव में एक खेत खरीदा और वहां अपना मकान बना लिया। नूर मोहम्मद का खेत और मकान मूसेपुर के जंगल में था। कल नूर मोहम्मद की पत्नी अरफीना अपने 6 बच्चों को लेकर अपने पीहर गई हुई थी। इस दौरान नूर मोहम्मद घर पर अकेला था। आज सुबह उसका शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला है। प्रथम दृष्टया फांसी का लग रहा है। फिर भी FSL की टीम बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटा लिए गए हैं। पुलिस ने शव को कामां अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।