spl cover 2 1720881958 3fWvwC

जयपुर में राष्ट्रीय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत और श्री राजपूत करणी सेना के महिपाल सिंह मकराना के बीच शुक्रवार रात को विवाद हो गया। दोनों ने एक-दूसरे पर फायरिंग करने का आरोप लगाया। मारपीट में महिपाल सिंह घायल हो गए। भास्कर के पास दोनों के बीच मारपीट से पहले का एक्सक्लूसिव वीडियो है, जिसमें दोनों एक-दूसरे से बहस में उलझे हुए हैं। स्पेशल रिपोर्ट में पढ़िए दोनों के बीच मारपीट से पहले क्या बात हुई और क्या है विवाद की जड़… शिव सिंह: आप पिछले कुछ समय से मेरे बारे में क्या बोल रहे हो? महिपाल : मैंने आपके बारे में कुछ नहीं बोला। किसने कहा आपको? हमारी आखिरी बात तो 6 महीने पहले हुई थी। शिव सिंह : आप बालकनाथ महाराज के यहां गए हुए थे। वहां आपने मेरे बारे में क्या बोला था? महिपाल : मैं तो किसी से मिला ही नहीं। शिव सिंह : अभी मैं सब क्लीयर कर देता हूं। आप सिर्फ सुनना, अब बोलना मत कुछ भी। (इसके बाद शिव सिंह शेखावत ने एक शख्स को कॉल लगाया और फोन स्पीकर मोड पर कर दिया। फोन पर दूसरी तरफ के शख्स ने बताया कि महिपाल मकराना बालकनाथ महाराज के यहां गए थे, तब आपके बारे में कहा था। इस बातचीत के बाद महिपाल मकराना और शिव सिंह शेखावत के बीच तेज आवाज में कहासुनी शुरू हो गई, जो थोड़ी देर में झगड़े में बदल गई।) विवाद की वजह : संगठनों का आपस में मिलाना और पदों का बंटवारा वर्तमान में करणी सेना के नाम से 8 से ज्यादा संगठन हैं। पिछले साल समाज के सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के बाद सारे संगठनों ने एक साथ विरोध प्रदर्शन किया और दिल्ली में हुई मीटिंग सारे संगठनों को एक साथ मिलाने की योजना बनाई। श्री राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने दिल्ली में हुई मीटिंग में करणी सेना के सभी संगठन एक साथ मिलाने का प्रस्ताव रखा था। कई संगठन साथ मिलने को राजी भी हो गए थे, लेकिन एक संगठन बनने के बाद किसको-कौनसा पद मिलेगा, इसको लेकर मतभेद थे। इनमें से कुछ संगठन साथ में मिलना नहीं चाहते थे, वो अपना अलग से संगठन बनाकर रखना चाह रहे थे। इस दौरान राष्ट्रीय करणी सेना के अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत को मकराना से विवाद भी हुआ था। शिव सिंह शेखावत ने राष्ट्रीय करणी सेना संगठन बनाया गुजरात में करणी सेना के अध्यक्ष राज शेखावत हैं। पहले शिव सिंह शेखावत गुजरात के राज शेखावत के साथ मिलकर काम कर रहे थे। इसके बाद शिव सिंह शेखावत ने कुछ महीने पहले राष्ट्रीय करणी सेना नाम से नया संगठन बनाया था। मकराना और शेखावत में वर्चस्व को लेकर चल रही थी लड़ाई गोगामेड़ी की हत्या के बाद अब श्री राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना और दूसरी तरफ राष्ट्रीय करणी सेना के अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत ही ज्यादा सक्रिय हैं। संगठन के दूसरे लोग दोनों के बीच समझौता करवा कर दोनों संगठनों को एक ही में मिलाने का प्रयास कर रहे थे। इसको लेकर दोनों संगठन के लोगों में काफी समय से बातचीत चल रही थी। श्री राजपूत करणी सेना के जिला महासचिव नीरज सिंह राठौड़ ने बताया कि शुक्रवार रात को शिव सिंह शेखावत की तरफ से महिपाल मकराना को फोन किया गया था। फोन पर मकराना को बताया कि वे उनके संगठन में मिलने के लिए तैयार हैं, लेकिन संगठन एक होने के बाद किसके पास कौनसा पद रहेगा, इसको लेकर आपस में बैठकर बात कर लेते हैं। इस पर महिपाल मकराना, संगठन के भूपेंद्र और प्रदूमान सिंह चित्रकूट स्थित शिव सिंह के ऑफिस गए थे। नीरज सिंह ने बताया कि चित्रकूट के ऑफिस में शिव सिंह और महिपाल मकराना ने पहले 10 मिनट आपस में बातचीत की थी। फिर बातचीत के बाद उन्होंने महिपाल और उनके साथियों पर हमला कर दिया। महिपाल सिंह को नहीं पता था कि उन्होंने उन पर हमला करने के लिए ही बुलाया था। महिपाल मकराना के सिर में बंदूक के बट से मारने से तीन टांके आए और रीढ़ की हड्डी में चोट लगी है। शेखावत बोले- मकराना मुझे मारने आया था शिव सिंह शेखावत ने बताया- ‘मकराना का शुक्रवार को मेरे छोटे भाई के पास फोन आया था। कह रहा था कि बैठकर बात कर लेते हैं। सभी बात कर रहे थे। वो शायद नशे में था। इस बीच उसने मेरे ऊपर फायर कर दिया। फायर जमीन पर लगा।’ ‘इसके बाद मेरे गनमैन ने इसके सिर पर बंदूक का बट मार दिया। मकराना के साथ तीन लोग और थे। हमने उन सभी को पकड़ लिया। मकराना ने पहले भी मुझे मारने की धमकी दी थी, वो अपने साथियों के साथ मुझ पर हमला करने के लिए ही ऑफिस आया था।’ एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज कराई FIR शेखावत ने कहा कि मकराना चार लोगों के साथ चित्रकूट इलाके में स्थित मेरे कार्यालय में आया और फायरिंग कर दी। इस पर सिक्योरिटी गार्ड और अन्य लोगों ने उसे पकड़ा। उसके साथ मारपीट की। वहीं, महिपाल सिंह मकराना की पत्नी वर्षा ने शिव सिंह और उनके साथियों पर फायर करने के आरोप लगाए। इस घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें दोनों पक्ष मारपीट करते दिख रहे हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शनिवार सुबह चित्रकूट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिव सिंह शेखावत समेत दोनों पक्षों के आठ लोगों को गिरफ्तार किया। करणी सेना के 8 से ज्यादा संगठन देशभर में करणी सेना के 8 से ज्यादा संगठन बन गए हैं। लोगों में सबसे ज्यादा कन्फ्यूजन संगठन को लेकर होता है कि कौनसा संगठन किसका है और कौन उसका अध्यक्ष है। करीब 18 साल पहले यानी 23 दिसंबर 2006 को लोकेंद्र सिंह कालवी ने श्री राजपूत करणी सेना नाम से संगठन की शुरुआत की थी। बीकानेर जिले में स्थित देशनोक कस्बे के करणी माता मंदिर के नाम पर ‘श्री राजपूत करणी सेना’ संगठन का नाम रखा गया था। संगठन की सबसे खास बात यह रही कि इसमें उन्होंने अधिकतर 40 से कम उम्र के युवाओं को संगठन में शामिल किया। फिल्मों के विरोध से देशभर में चर्चा में आई करणी सेना आरक्षण और आनंदपाल के एनकाउंटर के विरोध से फिर से चर्चा में आए साल 2017 में राजस्थान के गैंगस्टर आनंदपाल के एनकाउंटर के बाद गोगामेड़ी के नेतृत्व में करणी सेना ने सांवराद गांव में आंदोलन किया था। शव रखकर सरकार से कई मांगें की गई थीं। आनंदपाल के एनकाउंटर के विरोध में करणी सेना ने देशभर में विरोध प्रदर्शन किए थे। इसके अलावा राजपूत समाज के आरक्षण की मांग को लेकर देश में कई बार करणी सेना प्रदर्शन और आंदोलन कर चुकी है। ये खबर भी पढ़ें… राष्ट्रीय करणी सेना के शिवसिंह ने महिपाल से माफी मांगी:फायरिंग और मारपीट के बाद अब दोनों ने वीडियो जारी कर कहा- कोई झगड़ा नहीं राष्ट्रीय करणी सेना के अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत और श्री राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना के बीच मारपीट व फायरिंग मामले में सुलह हो गई है। दोनों पक्षों ने राजीनामा कर लिया है। दोनों ने देर रात अलग-अलग वीडियो बनाकर कहा- अब कोई झगड़ा नहीं है। परिवार का मसला है। आपस में सुलझा लिया है। शिव सिंह ने महिपाल सिंह से घटना को लेकर माफी भी मांग ली है। (पढ़ें पूरी खबर)

By

Leave a Reply