विद्युत लाइन पोल पर काम करने के दौरान करंट की चपेट में आने से विद्युत विभाग में लगा संविदा कर्मी झुलस गया। उसे इलाज के लिए प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर है। मामला मांडल थाना क्षेत्र का है। आज यहां मांडल कस्बे में मंडल के विद्युत ग्रिड पोल पर संविदाकर्मी दुर्गेश सिंह दुल्हावत लाइन के रख रखाव के लिए पोल पर चढ़ा था। इस दौरान लाइन चालू होने से उसे करंट लग गया, जिससे वो झुलस गया और झटका लगते ही पोल से नीचे गिर गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने घटना के बाद घायल कर्मचारी को शहर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया। डॉक्टर कर्मचारी की हालत गंभीर बता रहे हैं। सूचना मिलने के विद्युत निगम के सहायक अभियंता अनिल पुरोहित सहित अन्य कर्मचारियों ने हॉस्पिटल पहुंचकर घायल की तबीयत की जानकारी ली।