राजस्थान क्रिकेट संघ के तत्वावधान में 21 जुलाई से जयपुर में आयोजित होने वाली अंडर 19 आयु वर्ग की राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए नागौर जिले की टीम के लिए खिलाड़ियों का ट्रायल लिया गया। आज सुबह से ही शहर के सेठ किशन लाल कांकरिया स्कूल में खिलाड़ी जुटने शुरू हो गए। शाम तक खेल के हर मोर्चे पर खिलाड़ियों को परखा गया। खिलाड़ियों ने चयनकर्ताओं की नजर में आने के लिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिला क्रिकेट संघ नागौर के सचिव राजेंद्र सिंह नांधू ने बताया- ट्रायल में नागौर और डीडवाना-कुचामन जिले के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 140 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पहले सत्र में मैदान में खिलाड़ियों की योग्यता, शारीरिक क्षमता, रुचि के अनुसार खेल प्रदर्शन देखा गया। राष्ट्रीय खिलाड़ी व चयनकर्ता राजेश विश्नोई ने बताया कि पहले चरण की ट्रायल के बाद लगभग 60 खिलाड़ियों का चयन दूसरे सत्र के लिए किया गया। ट्रायल के तीसरे सत्र के लिए लगभग 50 खिलाड़ी चयनित कर 4 टीम बनाई जाएंगी। इन चारों टीमों के मैच श्रीगंगानगर में होंगे। वहां ऑनलाइन स्कोर शीट के आधार पर 36 खिलाड़ी चयनित होंगे। उनकी 2 टीम बनाकर जयपुर में मैच होंगे। इस तरह नागौर जिले की अंडर-19 क्रिकेट टीम के अंतिम 16 खिलाड़ी चयनित किए जाएंगे। फिर ये 16 सदस्यीय टीम नागौर जिले का प्रतिनिधित्व राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेगी। क्रिकेट संघ की ओर से रणजी खिलाड़ी और संयुक्त सचिव राजेश विश्नोई, रणजी खिलाड़ी गणपत शर्मा, राष्ट्रीय खिलाड़ी राजू जोशी, कैलाश चौधरी और रशीद मुल्तानी को पारदर्शी चयन के लिए नियुक्त किया है। ट्रायल के दौरान व्यवस्थाओं में संयोजक सुशील जाखड़, उपाध्यक्ष नसरुद्दीन अंसारी, उपाध्यक्ष गजेसिंह सांखला, कोषाध्यक्ष शिवशंकर व्यास, राष्ट्रीय खिलाड़ी राजेश गिरी, सुरेश गिरी, राजकुमार जावा, रवि कुमार, अंपायर आचार्य विजेश बंजारा आदि ने विशेष सहयोग किया।