अजमेर में चिकन की रेट 5 रुपए बढ़ाने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने चाकू मारकर चाचा-भतीजे की हत्या कर दी। चाकू और कांच की बोतलों के हमले में दोनों पक्ष के 7 लोग घायल हो गए। घटना रामगंज में किसान भवन के पास पाकीजा मीट शॉप की मंगलवार दोपहर 3 बजे की है। घायलों को जेएलएन हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। मौके पर पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। 2 तस्वीरों में देखिए पूरी घटना… चिकन की रेट को लेकर हुआ था विवाद
रामगंज थाना प्रभारी डॉ.रविश सामरिया ने बताया- दोनों पक्ष मीट की दुकान चलाते हैं। चाचा-भतीजा के पक्ष वाले 135 रुपए किलो चिकन बेचते हैं। वहीं हमलावर पक्ष 145 रुपए किलो चिकन बेचता है। हमलावर पक्ष ने दूसरे पक्ष पर चिकन की रेट 5 रुपए बढ़ाने का दबाव बनाया था। इस बात पर दोनों पक्षों में वॉट्सऐप पर विवाद हुआ था। बात नहीं मानने पर आज हमला कर दिया। 4 युवकों को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। हमलावरों ने दुकान से मीट काटने वाले छुर्रे को उठाकर हमला किया था। एसपी वंदिता राणा के निर्देश पर अलग-अलग टीम में बनाकर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मौके पर एफएसएल और एमओबी टीम की ओर से सबूत जुटाए जा रहे हैं। वॉट्सऐप ग्रुप पर शुरू हुआ था विवाद
एडिशनल एसपी हिमांशु जांगिड़ ने बताया- मीट की रेट को लेकर वॉट्सऐप ग्रुप पर झगड़ा शुरू हुआ था। जो बाद में मारपीट और चाकूबाजी में बदल गया। इमरान पुत्र रहीम और शाहनवाज पुत्र शब्बीर अहमद की मौत हुई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार रात से ही दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। वॉट्सऐप ग्रुप में भी आपस में दोनों पक्षों में बहस चल रही थी। प्रत्यक्षदर्शी बोला- 50 से 60 हमलावर आए थे
प्रत्यक्षदर्शी रईस ने बताया- पहले दो लोग आए। बाद में थार, बाइक और अन्य वाहनों से 50 से 60 लोग पहुंचे। वे कट्टों में भरकर कांच की बोतलें लेकर आए थे। उन्होंने अचानक इमरान और उनके भतीजे शाहनवाज की मीट शॉप पर हमला कर दिया। बोतलें फेंकने लगे और चाकूबाजी की। दोनों पक्षों के 7 लोग घायल
मीट शॉप पर आया दूसरा पक्ष सोगरान मोहल्ला दरगाह एरिया का था। इस पक्ष के यूनुस (25) पुत्र मोहम्मद अली, एहसान (30) पुत्र अल्लाह बख्श और इमरान (22) पुत्र अब्दुल अली घायल हैं। वहीं मीट शॉप वालों के पक्ष के सलमान (27) पुत्र शब्बीर, शाहरुख (30) पुत्र शब्बीर, शाहबाज कुरैशी (32) पुत्र शब्बीर और इरफान कुरैशी (39) घायल हैं। राजीनामा का बोलकर हमला किया
घायल सलमान ने बताया- दोनों पक्षों के बीच सोमवार (14 जुलाई) से ही विवाद चल रहा है। राजीनामा करने की बात बोलकर दूसरा पक्ष दुकान में घुसा था। उनके पीछे 10-15 लोग छुरी और अन्य हथियार लेकर आ गए। पीछे से हमला कर दिया। हमलावरों में डिग्गी बाजार में रहने वाले अब्दुल अली, एहसान, अल्लाह रखा, आवेश, सलमान, टीटू सहित अन्य लोग थे। देखिए, घटना से जुड़ी तस्वीरें…
