अजमेर में AAP नेता कीर्ति पाठक और पार्षद पति निर्मल बेरवाल आमने-सामने हो गए। वार्ड 48 में पहुंची आम आदमी पार्टी की नेता कीर्ति पाठक और पार्षद पति निर्मल बेरवाल के बीच जमकर बहस हुई। आप नेता ने पार्षद पति पर क्षेत्र में विकास कार्य न करने और जनता को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखने का गंभीर आरोप लगाया। वीडियो में पार्षद निर्मल बेरवाल आप नेता से कहते दिख रहे हैं – “यहां नेतागिरी मत कीजिए।” वीडियो रिकॉर्डिंग देख पार्षद पति ने इसे बंद करने की धमकी दी, लेकिन आप कार्यकर्ताओं ने साफ मना कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी पार्षद पति का विरोध किया। क्षेत्रवासियों का कहना था कि वार्ड में लंबे समय से विकास कार्य नहीं हुए हैं और मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। आप नेता और पार्षद पति में तीखी नोकझोंक
दरअसल, बुधवार को आम आदमी पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष और अजमेर संभाग प्रभारी कीर्ति पाठक कार्यकर्ताओं के साथ वार्ड 48 के सुनहरी कॉलोनी गली नंबर 2 में पहुंची थी। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पहुंची कीर्ति पाठक को देख कॉलोनीवासी घरों से बाहर निकल आए, जहां नाला निर्माण कार्य चल रहा था। सूचना मिलने पर वार्ड पार्षद चंचल बेरवाल के पति निर्मल बेरवाल मौके पर पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक बहस हुई। आप नेता कीर्ति पाठक ने स्थानीय प्रशासन और निगम कमिश्नर पर असंवेदनशील होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासन आम जनता की जान को खतरे में डालने का काम कर रहा है। वीडियो बंद करने की धमकी दी
वीडियो में दोनों नेता स्थानीय विकास कार्य को लेकर बहस करते दिखे। पार्षद पति ने आप नेता से नेतागिरी न करने की बात कही और वीडियो बंद करने की धमकी दी, जिसे आप नेताओं ने मानने से इनकार कर दिया। बाद में स्थानीय लोगों ने भी पार्षद पति का विरोध किया। नाली निर्माण कार्यों का जिक्र किया
वीडियो में कीर्ति पाठक ने बारिश के दौरान काम करने और टेंडर प्रक्रिया पर सवाल उठाए। जवाब में पार्षद पति ने दक्षिण विधानसभा में 44 करोड़ के नाली निर्माण कार्यों का जिक्र किया। कीर्ति पाठक ने नगर निगम पर असंवेदनशील होने का आरोप लगाया, जिस पर पार्षद पति ने कहा कि वे रात भर पानी निकालने के लिए मौजूद रहते हैं। दोनों के बीच स्थानीय लोगों से बात करने के तरीके को लेकर भी तनातनी हुई।