अलवर में 8 माह की गर्भवती महिला (25) की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। ससुराल पक्ष का कहना है कि महिला को घर में रखे कूलर से करंट लग गया, जबकि पीहर पक्ष ने ससुर पर छेड़छाड़ और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। घटना वैशाली नगर थाना क्षेत्र के भीमनगर में गुरुवार को हुई। मृतका नीलम (25) के पति सोनू ने बताया कि गुरुवार सुबह वह बहन से मिलकर वापस घर आया था। कुछ देर बाद सब्जी लेने बाजार चला गया। पीछे नीलम घर में अकेली थी। जब सब्जी लेकर आया तो मोहल्ले के लोग उसे कूलर से करंट लगने की बात कहते हुए हाथ-पैर रगड़ रहे थे। इसके बाद उसे सानिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने वहां नीलम को मृत घोषित कर दिया। नीलम की डेढ़ वर्ष पूर्व सोनू से शादी हुई थी। इससे पहले उसका तलाक हो चुका था और वह अपने पहले पति से 5 साल के बेटे के साथ यहां रह रही थी। वह आठ माह की गर्भवती थी। मृतका के भाई बिजेंद्र ने आरोप लगाया कि नीलम का ससुर घोटा राम उससे पहले अश्लील हरकतें कर चुका था। नीलम इससे मानसिक रूप से परेशान थी। उन्होंने करंट लगने की बात पर संदेह जताया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। दोनों पक्ष के लोग अस्पताल में मौजूद हैं।