बूंदी के केशवरायपाटन में नगरपालिका ने मास्टर प्लान की एक अवैध कॉलोनी में 30 लाख रुपए के डब्ल्यूएमएम कार्य का टेंडर जारी किया है। इस कार्य का भाजपा और कांग्रेस दोनों के पार्षदों ने विरोध किया है। कांग्रेस पार्षद तुषार शर्मा, जाकिर शेख, उमेश मीणा और भाजपा पार्षद शुभम शर्मा ने इस मामले में एसीबी और लोकायुक्त को शिकायत भेजी है। पार्षदों का आरोप है कि नगरपालिका प्रशासन मिलीभगत कर रहा है। पार्षदों ने बताया कि वार्डों में कई सड़कें टूटी हुई हैं और लोग परेशानी झेल रहे हैं। इसके बावजूद पालिका प्रशासन सरकारी धन का दुरुपयोग कर रहा है। जहां मकान तक नहीं बने हैं, वहां सड़कें बनाई जा रही हैं। घनी आबादी वाले क्षेत्रों में विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। पार्षदों का कहना है कि मास्टर प्लान में स्थित अवैध कॉलोनी को वैध करने का प्रयास किया जा रहा है। डब्ल्यूएमएम कार्य के जरिए नियमों की अवहेलना की जा रही है। उन्होंने टेंडर को तत्काल रद्द करने की मांग की है। पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं की गई तो वे पालिका के बाहर प्रदर्शन करेंगे। नगरपालिका चेयरमैन कन्हैया कराड़ ने इस मामले को गंभीर बताते हुए जांच कराने का आश्वासन दिया है।