झुंझुनूं सदर थाना क्षेत्र के आबूसर गांव में गैस सिलेण्डर में आग लगने से बड़ा नुकसान हो गया। आग से घर में रखा शादी का सारा सामान जल गया। हादसा बुधवार सुबह 11 बजे के आसपास हुआ। दरअसल आबूसर निवासी वेद प्रकाश की तीन बेटियों की 15 जुलाई को शादी होनी है। घर में शादियों की तैयारी चल रही थी। बुधवार को बान था। परिवार के लोग तैयारी में जुटे हुए थे। इस दौरान रसोई में रखे सिलेण्ड़र में अचानक आग लग गई। बेटियों की शादी के लिए रखे कपड़े, फ्रिज, पंखे, तीन कट्टे अनाज के सहित अन्य सामान जल गया। आग से अचानक घर में भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाने की कोशिश की। सूचना के बाद फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से मकान की पट्टियों में दरारें आ गई। पीड़ित वेदप्रकाश ने बताया कि 15 जुलाई को तीन बेटियों की शादी है। घर में दहेज का सामान रखा हुआ था। शादी की तैयारी चल रही थी। आज बान की रस्म होनी थी। परिवार की महिलाएं मेहमानों के लिए सब्जी बना रही थी। अचानक सिलेण्डर ने आग पकड़ ली। जब तक आग पर काबू पाते सामान जल चुका था। उहोंने बताया कि दहेज का सामान जलने से मुश्किल खड़ी हो गई। उहोंने बताया कि जिंदगी भर की कमाई से पाई-पाई जोड़कर पैसा इकट्ठा किया था। पैसे से बेटियां की शादियों के लिए सामान खरीदा था। लाखों का नुकसान हो गया है। पीड़ित वेदप्रकाश ने सरकार मदद की गुहार लगाई है।