Site icon Raj Daily News

ऑनर-किलिंग के लिए युवती के चाचा ने की पूरी प्लानिंग:9 महीने से कर रहा था मौके का इंतजार; धमकी दी थी- अगला श्राद्ध तेरा होगा

अजमेर में हुए ऑनर किलिंग (सहदेव हत्याकांड) की पूरी प्लानिंग युवती करिश्मा के चाचा रामकिशोर चौधरी ने की थी। सहदेव के करिश्मा को भगा ले जाने और लिव-इन में रहने से उसका पूरा परिवार नाराज था। नाराजगी इतनी थी कि सहदेव को मारने की ठान ली थी। रामकिशोर चौधरी ने सहदेव को धमकी भी दी थी कि अगला श्राद्ध तेरा होगा। उसने सहदेव की रेकी, किडनैपिंग और हत्या के लिए परिवार के हर सदस्य की भूमिका तय की थी। उसके कहे अनुसार हर आरोपी काम कर रहा था। मास्टरमाइंड सहित अन्य आरोपियों ने सहदेव को मारने के लिए करीब 9 महीने इंतजार किया था। मौका मिलते ही आरोपियों ने सहदेव को किडनैप किया और पीट-पीटकर बेरहमी से मार डाला। उधर, सहदेव की हत्या के बाद करिश्मा के पिता बस्तीराम चौधरी ने 3 रातें खेत में पेड़ पर गुजारी। पुलिस गांव में आती तो पेड़ पर चढ़ जाता था। जानवरों के डर के कारण रात पेड़ पर बैठकर ही गुजारता था और सुबह सोता था। अजमेर से किडनैप कर किया सहदेव का मर्डर
करिश्मा धारणा गांव की रहने वाली थी। महज 11-12 साल की थी, तब माता-पिता और परिवार वालों ने उसका बाल विवाह कर दिया था। उसने बाल विवाह स्वीकार नहीं किया था। तरनाऊ गांव में नर्सिंग की पढ़ाई के दौरान कॉलेज में पढ़ाने वाले टीचर सहदेव भाकर से प्यार हो गया था। तब सहदेव के साथ जीवन बिताने की कसमें खाईं थी। उसके बाद सहदेव भाकर के घर रातंगा गांव में ही दोनों रहने लगे थे। करिश्मा के परिवार ने सहदेव को जान से मारने की धमकी दी थी। 13 जून को सुबह सहदेव और उसका दोस्त हरेंद्र के साथ अजमेर में नर्स भर्ती का एग्जाम देने गए थे। एग्जाम के बाद वो दोनों घर लौटने के लिए 1 बजे अजमेर के रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंचे थे। यहां से ही सहदेव का किडनैप किया गया और फिर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। 26 जून को करिश्मा ने भी सहदेव के घर में सुसाइड कर लिया था। ऑनर किलिंग के अलग-अलग किरदार बस्तीराम चौधरी- करिश्मा का पिता है। बेटी करिश्मा के घर से भागने और लिव-इन में रहने से नाराज था। सहदेव की हत्या में अपने भाई के साथ शुरुआत से अहम रोल रहा। अजमेर बस स्टैंड से जिस कैंपर गाड़ी में सहदेव का किडनैप किया गया था। उस गाड़ी में आरोपी बस्तीराम भी सवार था। बस्तीराम सहदेव को अपने भाई और अन्य रिश्तेदारों के हवाले कर बड़ी बेटी ललिता और दामाद महिपाल के साथ रास्ते में उतर गया था। वारदात के बाद पुलिस को चकमा देने के लिए 3 रातें गांव के खेत में पेड़ पर गुजारी। रामकिशोर चौधरी- करिश्मा का चाचा है और सहदेव हत्याकांड का मास्टरमाइंड है। इसने ही सहदेव को पीट-पीटकर जान से मारा था। हत्याकांड के 9 महीने पहले से सहदेव को मारने की प्लानिंग शुरू कर दी थी। सिर्फ मौके का इंतजार कर रहा था। इसने सहदेव को धमकी भी दी थी कि तूने मेरी भतीजी को श्राद्धों में भगाया है, अगला श्राद्ध तेरा होगा। रामप्रसाद चौधरी- यह भी करिश्मा का चाचा है। जिस कैंपर में सहदेव का किडनैप किया गया था। उस गाड़ी का मालिक रामप्रसाद ही है। किडनैपिंग के दौरान गाड़ी में ही बैठा था। ललिता चौधरी- करिश्मा की बड़ी बहन है। अजमेर रोडवेज बस स्टैंड पर सहदेव से बात करने लगी। थोड़ी देर में कैंपर आई और उसमें बैठे बस्तीराम और रामप्रसाद जबरन सहदेव को गाड़ी में पटककर ले गए। महिपाल चौधरी- करिश्मा का जीजा है। महिपाल अपनी पत्नी ललिता को एग्जाम दिलवाने अजमेर लाया था। अजमेर बस स्टैंड पर महिपाल भी मौजूद था। सहदेव को किडनैप करने में मदद की थी। ओमप्रकाश- करिश्मा के जीजा महिपाल का रिश्तेदार है। सहदेव की किडनैपिंग से लेकर हत्या तक की पूरी घटना पर ओमप्रकाश नजर रखे हुए था। कुन्नाराम- करिश्मा के पहले पति का चाचा है। करिश्मा का उसके परिवार ने बाल विवाह किया था। बड़ी होने पर उसने इस शादी को मानने से मना कर दिया था। कुन्नाराम इस बात से नाराज था कि उसके भाई के बेटे की पत्नी को कोई भागकर ले गया। इससे समाज में उनकी छवि खराब हुई थी। वह ओमप्रकाश से घटना की पूरी जानकारी लेता था। कैलाश राम- जिस कैंपर में सहदेव का किडनैप हुआ। उस गाड़ी को कैलाश राम चला रहा था। हत्या के बाद गाड़ी को सुनसान जगह पर छोड़कर भाग गया था। ऑनर किलिंग के 8 आरोपी गिरफ्तार
सिविल लाइन थाना प्रभारी शंभू सिंह ने बताया- ऑनर किलिंग मामले में अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें करिश्मा के पिता, दोनों चाचा, बड़ी बहन और उसका पति, बोलेरो ड्राइवर और अन्य रिश्तेदार शामिल हैं। गुरुवार रात को करिश्मा के चाचा रामप्रसाद (43) पुत्र दुर्गाराम को पकड़ा है। मामले में 2 नामजद आरोपी थे। जांच में बाकी आरोपियों का नाम आने पर पकड़ा गया। अब 1 आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। ऑनर किलिंग केस से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…. राजस्थान में ऑनर किलिंग, दामाद को मार डाला:लव मैरिज करने से नाराज थे, एग्जाम देने गए युवक का पहले किडनैप किया था ऑनर किलिंग केस, लड़की का सगा चाचा गिरफ्तार:परिवार के साथ किडनैप कर किया था मर्डर, भतीजी को भगाकर ले जाने से नाराज था लिव-इन पार्टनर की हत्या की तो करिश्मा ने किया सुसाइड:नागौर में परिवार वालों ने 13 दिन पहले मारा था, प्रेमी के घर ही फंदा लगाया

Exit mobile version