img20250521183402copy730x548copy730x548 1747839761 U6TQDn

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और भारतीय सेना के अदम्य साहस को सलाम करते हुए चित्तौड़गढ़ शहर में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से भव्य शौर्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा चित्तौड़गढ़ किले के पहले दरवाजे पाडन पोल से शुरू हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई गोल प्याऊ चौराहे और सुभाष चौक पर सम्पन्न हुई। इस यात्रा में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया और भारत माता की जय, वंदे मातरम जैसे नारों से शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता हुए शामिल इस शौर्य तिरंगा यात्रा में कई जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं ने भाग लिया। इसमें राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, सांसद सीपी जोशी, चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, निंबाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी, भाजपा जिलाध्यक्ष रतन गाडरी, पूर्व जिलाध्यक्ष मिट्ठूलाल जाट, भाजपा नेता रघु शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता शामिल हुए। मेडिकल, एनसीसी और स्काउट गाइड के छात्र भी जुड़े तिरंगा यात्रा में आम जनता के साथ-साथ चित्तौड़गढ़ जिले के मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राएं, NCC कैडेट्स और स्काउट गाइड के बच्चे भी पूरे उत्साह के साथ जुड़े। उन्होंने अनुशासन के साथ पदयात्रा करते हुए लोगों को प्रेरित किया। वीर पूर्व सैनिकों का हुआ सम्मान इस यात्रा के दौरान 25 पूर्व सैनिकों का सम्मान किया गया, जिन्होंने 1971 की भारत-पाक युद्ध और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे ऐतिहासिक अभियानों में भाग लिया था। यह सभी सैनिक तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए और उनके सम्मान में लोगों ने पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। तिरंगा यात्रा में केवल राजनीतिक कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि कई सामाजिक संगठनों, सेवा संस्थाओं, महिला समूहों और व्यापारिक संघों ने भी भागीदारी निभाई। घोड़ों और बैंड-बाजों के साथ निकली यात्रा यात्रा के प्रारंभ में दो घोड़े तिरंगे रंग में सजे हुए आगे-आगे चल रहे थे। बैंड-बाजों की देशभक्ति धुनों के साथ यह यात्रा एक उत्सव का रूप ले चुकी थी। हर हाथ में तिरंगा लहरा रहा था और लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। इस यात्रा में कुल 2100 छोटे-बड़े तिरंगे लहराए गए, जो एक भव्य दृश्य प्रस्तुत कर रहे थे। मुस्लिम समाज ने भी की पुष्प वर्षा, यात्रा में हुए शामिल इस यात्रा की खास बात यह रही कि इसमें मुस्लिम समाज के लोगों ने भी बढ़-चढ़ कर भाग लिया। अंजुमन मिल्लत-ए-इस्लामिया की ओर से यात्रा पर पुष्प वर्षा की गई। साथ ही कई जगहों पर लोगों ने अपने घरों की छतों से और सड़क किनारे खड़े होकर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया, जिससे सामाजिक सौहार्द का सुंदर उदाहरण पेश हुआ। पूरे चित्तौड़गढ़ शहर में यात्रा के दौरान देशभक्ति के गीत, भारत माता की जय और वंदे मातरम जैसे नारे गूंजते रहे। युवा, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी ने इस यात्रा में सहभागिता निभाई। पुलिस ने संभाला सुरक्षा प्रबंध, भारी संख्या में मौजूद रहा जाब्ता यात्रा के दौरान सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए गए थे। हर चौराहे, मुख्य मार्ग और प्रवेश द्वार पर पुलिस का भारी जाब्ता तैनात रहा। ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस मुस्तैद रही। वासुदेव देवनानी का बयान – हमें सेना पर गर्व है राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि हमें अपनी सेना पर गर्व है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान की सीमा में घुसकर आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। पहलगाम में हुई कायरतापूर्ण आतंकवादी घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेना को खुली छूट दी थी और हमारी सेनाओं ने साहसिक कार्रवाई कर दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि इस सफलता को पूरे देश में सम्मान देने के लिए तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं और मैं विशेष रूप से चित्तौड़गढ़ में इस यात्रा में भाग लेने आया हूं। चित्तौड़गढ़ में निकली शौर्य तिरंगा यात्रा सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, सेना के प्रति आभार और समाज में एकता का संदेश था। यह यात्रा चित्तौड़गढ़ वासियों के दिलों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और ज्यादा मजबूत करने का कार्य करेगी।

By

Leave a Reply