करौली में रविवार को ब्राह्मण महासंघ की ओर से जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ध्रुवघटा आश्रम के महंत हरेंद्रानंद सरस्वती मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह की अध्यक्षता ब्राह्मण महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष वेदप्रकाश उपाध्याय ने की। जिले के 14 संग्रहण केंद्रों से चयनित 411 मेधावी प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। प्रदेशाध्यक्ष वेदप्रकाश उपाध्याय ने करौली मुख्यालय पर निशुल्क पुस्तकालय स्थापना की घोषणा की। साथ ही प्रदेश स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के आयोजन की भी घोषणा की। प्रदेश संगठन महामंत्री शांतनु पाराशर ने बताया कि संगठन का विस्तार दौसा, गंगापुर, सवाईमाधोपुर, भरतपुर, जयपुर और धौलपुर जिलों में हो चुका है। सम्मानित छात्र-छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद और कड़ी मेहनत को दिया। कार्यक्रम में नरेश अरेहला, पिंटू सुरेश खैमरिया, जगदीश शास्त्री समेत कई समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया। विशिष्ट अतिथियों में करौली नगर परिषद सभापति डॉ. राजरानी शर्मा और प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे। समारोह में प्रदेश संरक्षक रमेश राजौरिया, महेश दास महंत, रमेश चंद्र चतुर्वेदी, जिला महामंत्री ब्राह्मण महासंघ करौली सत्यनारायण महेरा, भूपेन्द्र अवस्थी, सत्येन्द्र बालाजी, डॉ. नागेन्द्र शर्मा, कैप्टन परमानंद चतुर्वेदी, यशवेंद्र शर्मा, डॉ. श्याम शर्मा सहित हजारों ब्राह्मण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता अमित शर्मा ने किया।
करौली में ब्राह्मण समाज का प्रतिभा सम्मान:411 मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित, निशुल्क पुस्तकालय बनाने की घोषणा
