किडनैपिंग-फिरौती मामले में जोधपुर पुलिस का वांटेड सुमेरपुर (पाली) में महिला रेंजर के घर में छुपा मिला। सुमेरपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। जोधपुर पुलिस को सूचना दे दी। अब वन विभाग ने रेंजर समेत दो महिला कर्मचारियों को तलब किया है। दोषी पाए जाने पर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सुमेरपुर थाने के SHO भारतसिंह रावत ने बताया- जोधपुर के विवेक विहार थाना पुलिस से मैसेज मिला था। बताया कि वांटेड अपराधी सांचौर (जालोर) निवासी सुरेश विश्नोई (26) पुत्र मालाराम सुमेरपुर में छुपा है। महिला रेंजर के घर में मिला वांटेड सुमेरपुर पुलिस ने वांटेड की तलाश के लिए अभियान चलाया। आरोपी सुरेश को सुमेरपुर क्षेत्र के वन विभाग में लगी रेंजर सीमा विश्नोई के घर से पकड़ा गया। सुरेश को सुमेरपुर थाने लाया गया। इसके बाद जोधपुर पुलिस को जानकारी दी गई। जोधपुर पुलिस आकर उसे ले जाएगी। जोधपुर पुलिस अब यह भी जानकारी जुटाएगी कि वांटेड सुरेश विश्नोई का रेंजर सीमा विश्नोई से क्या कनेक्शन है। पुलिस सीमा से भी पूछताछ करेगी। इस मामले में सहायक फॉरेस्ट भगवती विश्नोई की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। दोनों महिला कर्मचारियों को डीएफओ ने तलब किया है। DFO बोले- दोषी पाई गईं तो कार्रवाई करेंगे वन विभाग पाली के DFO बालमुर्गन ने इस मामले पर कहा- सुमेरपुर रेंजर सीमा विश्नोई और सहायक फॉरेस्ट भगवती विश्नोई को पाली तलब किया है। जवाब मांगा गया है। वे दोषी पाई गईं तो विभाग के नियमों के अनुसार कार्रवाई करेंगे। कौन है जोधपुर पुलिस का वांटेड सुरेश विश्नोई, क्या है मामला जोधपुर के विवेक विहार थाना इलाके के गुढ़ा विश्नोइयान में रहने वाले पोकरराम ने 19 जुलाई शुक्रवार को थाने में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि उसके बेटे भवानी सिंह को किडनैप कर लिया गया है। किडनैपर्स कॉल कर 11 लाख की फिरौती मांग रहे हैं। पोकरराम ने बताया- बेटा भवानी 18 जुलाई गुरुवार की रात सेक्टर-14 (जोधपुर) गया था। वहां से सुरेश विश्नोई सहित अन्य लोगों ने उसे किडनैप कर लिया और फिरौती मांगी। दूसरे दिन 19 जुलाई को दोबारा कॉल किया और कहा- 5 लाख रुपए लेकर मंडोर (जोधपुर) आ जाओ। विवेक विहार थाने में किडनैपिंग का केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने बदमाशों की कॉल डिटेल और लोकेशन निकाली और 19 जुलाई की रात मंडोर एरिया के श्रीराम नगर चैनपुरा क्षेत्र में दबिश देकर 8 बदमाशों को पकड़ लिया। पोकरराम के बेटे को मुक्त करा लिया। कुल 5 वाहन जब्त किए। वारदात में शामिल 3 आरोपी फरार हो गए थे। इनमें सुरेश विश्नोई भी शामिल था। भवानी और सुरेश के बीच पैसों के लेन-देन का विवाद था। इनके बीच एक ऐप के माध्यम से USDT क्रिप्टो करेंसी खरीदने-बेचने का विवाद सामने आया था। पुलिस ने 20 जुलाई को 8 बदमाशों को कोर्ट में पेश किया था। अब सुरेश विश्नोई सुमेरपुर से पकड़ा गया है। लेकिन इस दौरान वन विभाग की दो महिला कर्मचारियों की भूमिका भी शक के घेरे में आ गई है।