ef0b80f5 773b 48e3 8d50 99b0501cfed51749449243853 1749451750 m4K1Z5

हनुमानगढ़ में एक किसान की मौत के मामले में आत्महत्या दुष्प्रेरण का मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतक गुरसेवक सिंह (60) से सतपाल सिंह बराड़ ने अलग-अलग समय पर 7.50 लाख रुपए वसूल लिए थे। सतपाल ने गुरसेवक पर 1.50 लाख रुपए और देने का दबाव बना रहा था। उसने धमकी दी कि 7 जून तक पैसे नहीं देने पर उन्हें और उनके परिवार को बदनाम कर खत्म कर देगा। इस दबाव से परेशान होकर गुरसेवक ने 7 जून की सुबह 11-12 बजे के बीच अपने खेत में कीटनाशक का सेवन कर लिया। पड़ोसियों की सूचना पर गुरसेवक को महावीर अस्पताल ले जाया गया। दोपहर करीब 2 बजे गुरसेवक ने परिवार की मौजूदगी में सतपाल से फोन पर बात की। सतपाल ने फोन पर गालियां दीं और पैसे मांगे। पैसे न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी देकर फोन काट दिया। इलाज के दौरान गुरसेवक की मौत हो गई। मृतक के भतीजे दर्शनसिंह (45) ने जंक्शन पुलिस थाने में सतपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। दर्शनसिंह ने बताया कि सतपाल की कॉल आने के बाद उनके चाचा चिंतित हो जाते थे, लेकिन किसी को कुछ नहीं बताते थे। दर्शन सिंह के अनुसार सतपाल सिंह बराड़ ने उसके चाचा गुरसेवक सिंह पर इतना दबाव बनाया कि वे आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो गए। पुलिस ने सतपाल सिंह बराड़ के खिलाफ आत्महत्या दुष्प्रेरण के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर तफ्तीश दर्ज कर एसआई गजेन्द्र शर्मा के सुपुर्द की है।

Leave a Reply