कोटा उत्तर नगर निगम के सीमा क्षेत्र का विस्तार होगा। कैथून नगर पालिका समेत भीमपुरा, आरामपुरा, खेड़ारसूलपुर ग्राम पंचायतें अब कोटा उत्तर निगम में शामिल होंगी। इस सम्बंध में स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक एवं विशिष्ट शासन सचिव इंद्रजीत सिंह ने नोटिफिकेशन जारी किया है।
साथ ही संभागीय आयुक्त, कलेक्टर, नगर निगम, कोटा विकास प्राधिकरण, कैथून नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, ग्राम पंचायत के सरपंच/ सचिव व अन्य विभाग को भी इस संबंध में सूचना देने और आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है। नोटिफिकेशन के तहत ग्राम पंचायत खेड़ारसूलपुर का संपूर्ण सीमा क्षेत्र, ग्राम पंचायत आरामपुरा का संपूर्ण सीमा क्षेत्र, ग्राम पंचायत भीमपुरा का राजस्व ग्राम भीमपुरा संपूर्ण सीमा क्षेत्र सहित व नगर पालिका कैथून का वर्तमान संपूर्ण सीमा क्षेत्र कोटा उत्तर नगर निगम में शामिल होगा। राज्य सरकार के इस फैसले से कैथून नगर पालिका अध्यक्ष पद व 3 ग्राम पंचायत में सरपंच पद भी नहीं रहेगा। ये क्षेत्र लाडपुरा विधानसभा में आते है। कुछ समय पहले लाडपुरा से बीजेपी विधायक कल्पना देवी ने सीएम को पत्र लिखकर कैथून नगर पालिका को समाप्त करके नगर निगम में शामिल करने की मांग की थी। विधायक द्वारा लिखे गए पत्र पर कांग्रेसियों ने विरोध जताया था। तत्कालीन लाडपुरा प्रधान नईमुद्दीन गुड्डू व तत्कालीन कैथून नगर पालिका अध्यक्ष आईना महक की अगुवाई में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर सीएम के नाम ज्ञापन दिया था। प्रदर्शनकारियों का कहना था कैथून नगर पालिका को समाप्त करके नगर निगम कोटा में शामिल करने से कैथून की जनता को अपने कामों के लिए 17 किलोमीटर दूर आना पड़ेगा। वहीं नगर निगम में शामिल होने से कैथून की पहचान कम हो जाएगी। कैथून केवल वार्ड बनकर रह जाएगा।
कोटा उत्तर निगम सीमा क्षेत्र का विस्तार:कैथून नगर पालिका समेत 3 ग्राम पंचायतें निगम में होंगी शामिल, नोटिफिकेशन जारी
