बीकानेर के खाजूवाला में हत्या, लूट और ठगी के मामले में पुलिस ने दो और गिरफ्तारी कर ली है लेकिन मुख्य अभियुक्त तक पहुंचना अब तक बाकी है। पुलिस कर्नाटक के बी. शिवा को अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है, जो इस पूरी साजिश का मास्टर माइंड माना जा रहा है। शिवा को राजीव सर्किल से बस से भगाया गया था। जिसने भगाया उसे पुलिस ने दबोच लिया है। खाजूवाला थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत ने बताया कि इस मामले मेंजोधपुर के रामस्वरूप को गिरफ्तार किया गया है। रामस्वरूप और मनोज को पुलिस ने घटना के दूसरे दिन ही मेड़ता रोड स्टेशन से हिरासत में लिया था। इनका पीबीएम अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां से अब रामस्वरूप की गिरफ्तारी हो गई है। मनोज का अब तक इलाज चल रहा है। गिरफ्तार हुए जोधपुर के हिरादेसर निवासी रामस्वरूप जाट की इस पूरे मामले में भागीदारी बताई जा रही है। वो तंत्र-मंत्र करके रुपए डबल व इससे भी अधिक करने का झांसा देने वाले गिरोह का सदस्य बताया जा रहा है। रामस्वरूप से इस मामले में कई नए खुलासे हो सकते हैं। वहीं बेंरियावाली निवासी यूसुफ अली को भी गिरफ्तार किया गया है। रुपयों की लूटपाट और मारपीट करने का आरोप भी युसूफ पर लगाया गया है। युसूफ पर आरोप है कि उसने ही बी.शिवा को राजीव सर्किल तक छोड़ा था। जहां से वो फरार हो गया। अब उसकी गिरफ्तारी के लिए एक तकनीकी टीम लगी हुई है।
पूर्व में गिरफ्तार बेंरियावाली निवासी मुश्ताक पड़िहार 3 दिन के पीसी रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब तक उससे काफी पूछताछ कर रही है। चालीस लाख रुपए उसी के घर के पास सलमान की कार से बरामद हुए थे। अब तक तंत्र-मंत्र मामलें में तीन की गिरफ्तारी हो चुकी हैं। एसपी कावेंद्र सिंह सागर और एडिशनल एसपी कैलाश जांदू लगातार इस मामले की छानबीन में जुटे हैं। सीओ अमरजीत सिंह चावला भी बी. शिवा को गिरफ्तार करने की कोशिश में जुटे हैं।

Leave a Reply

You missed