ezgif 86e1fff1a8844d 1752714042 vXUWrC

हरियाणवी सिंगर राहुल यादव फाजिलपुरिया पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। आरोपी की पहचान सोनीपत जिले के जाजल गांव निवासी विशाल (25) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि इसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फाजिलपुरिया के आने-जाने के समय और रुकने के स्थान आदि की रेकी की थी। रेकी करने के लिए यह गुरुग्राम में कई बार आकर अलग-अलग गेस्ट हाउस में ठहरा। वारदात के दिन भी इसने रेकी करते हुए उसकी सूचना अपने साथियों को दी थी, जिसके आधार पर इसके साथियों ने वारदात को अंजाम दिया। गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ चल रहा हो, लेकिन पुलिस को इसकी जानकारी नहीं है। इस बारे में कोई टिप्पणी नहीं की जा सकती। वहीं फाजिलपुरिया ने भी पूरे मामले में मीडिया से दूरी बना रखी है। फाजिलपुरिया पर सोमवार रात को गुरुग्राम के साउदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) पर फायरिंग हुई थी। उसने थार भगाकर अपनी जान बचाई थी। सुनील सरधानिया के नाम से पोस्ट हो रही वायरल सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में 5 करोड़ रुपए के लेन-देन को लेकर फायरिंग करने का दावा किया गया है। सुनील सरधानिया नाम के व्यक्ति ने कथित तौर पर सोशल मीडिया पर हमले की जिम्मेदारी ली। उसने दावा किया कि फाजिलपुरिया ने रुपए लिए और जब सेलिब्रिटी बन गया तो फोन उठाना बंद कर दिया। उसने फाजिलपुरिया को एक महीने का टाइम देते हुए कहा कि रुपए वापस कर इस मामले को खत्म करें। वर्ना हर महीने उसके एक जानकार या रिश्तेदार को मारा जाएगा। उसने ये भी दावा किया कि उसका मकसद सिर्फ फाजिलपुरिया को डराना था। जानिए.. हमले की जिम्मेदारी वाली पोस्ट में क्या लिखा… राम-राम सभी भाइयों को मैं सुनील सरधानिया ये जो फाजिलपुरिया पर अटैक हुआ है, ये वॉर्निंग दी है इसको। मारना होता तो इसके ऑफिस के बाहर मार देते। हमें अपने पैसे चाहिए, जो दीपक भाई अपने और अपने हर जानकार से लेकर इसके ऊपर लगा दिए। इसे सेलिब्रिटी बनाने के लिए मेरे भाई दीपक नांदल से 5 करोड़ रुपए लगवा दिए। पहले ये बोलता था कि भाई, काम नहीं चला तो अपनी जमीन बेचकर पैसे दे दूंगा। उस भाई ने अपनी जिंदगी के 10 साल और 5 करोड़ इसके लिए खराब कर दिए। जब गाने चल गए तो अब ये राजनीति का रसूख दिखाकर पिछले 2 साल से न फोन उठाता है और न ही किसी को कुछ समझता है। हमारे पास अब कोई चारा नहीं बचा। फाजिलपुरिया को यह लास्ट वॉर्निंग है कि पैसे दे दे। तू तो झूठ-सच बोलकर सिक्योरिटी ले लेगा। मगर, तेरे साथ घूमने वाले 10 जानकार और रिश्तेदार की डिटेल हमारे पास है। एक महीना है तेरे पास, पैसे वापस देकर काम खत्म करने का, नहीं तो हर महीने एक को मरवाऊंगा। सुनील सरधानिया के नाम से वायरल पोस्ट फाजिलपुरिया पर हमला करवाने का दावा करने वाले सुनील सरधानिया के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। हालांकि उसका कनेक्शन उत्तर प्रदेश से बताया जा रहा है। इसके अलावा पोस्ट में जिस दीपक नांदल की बात की जा रही है, उसके बारे में भी कोई सूचना नहीं मिल पाई है। हालांकि दैनिक भास्कर इस वायरल सोशल मीडिया पोस्ट की पुष्टि नहीं करता। कौन हैं राहुल फाजिलपुरिया, जिन पर फायरिंग हुई
“लड़की ब्यूटीफुल कर गई चुल” जैसे गानों से हिट हुए राहुल फाजिलपुरिया का म्यूजिक इंडस्ट्री में बड़ा नाम है, लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्हें कड़ा संघर्ष करना पड़ा। करीब 35 साल के इस युवा सिंगर ने जवानी की दहलीज पर कदम रखा तो सिर से पिता रामबीर का साया उठ गया। परिवार पूरी तरह से टूट गया था, लेकिन राहुल ने न केवल अपने परिवार को संभाला बल्कि पिता के बिजनेस और अपनी सिंगिंग की हॉबी को भी आगे बढ़ाया। अभी आगे कदम बढ़ाने शुरू ही किए थे कि 2016 में मां का निधन हो गया। अकेले पड़े तो गुरुग्राम की रहने वाली हिमानी के साथ लव कम अरेंज मैरिज की, लेकिन यह शादी 3 साल भी नहीं चली। दोनों में डायवोर्स हो गया। इसके बावजूद राहुल ने हिम्मत नहीं हारी और आज न केवल गुरुग्राम बल्कि हरियाणा का नाम भी आगे बढ़ा रहा है। इन सब चीजों के बीच फाजिलपुरिया का विवादों में भी नाम आया। यूट्यूबर एल्विश यादव के साथ सांपों के जहर के मामले में केस हुआ तो ईडी के निशाने पर भी आए। साल 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में जननायक जनता पार्टी (JJP) के टिकट से चुनाव लड़कर चर्चा में आए तो मर्डर के मामले में भी नाम सामने आया। मगर, कोर्ट ने उन्हें बा-इज्जत बरी कर दिया। राहुल यादव गुरुग्राम के फाजिलपुर गांव के रहने वाले हैं। छोटे से गांव फाजिलपुर से बॉलीवुड सिंगर बनने तक का सफर… दादा के नाम पर गांव का छेलूराम चौक राहुल के चचेरे भाई प्रीतम ने बताया कि 10 अप्रैल 1990 को राहुल का गुरुग्राम के फाजिलपुर गांव में जन्म हुआ था। परिवार शुरू से ही साधन सम्पन्न और रसूखदार है। उनके दादा के नाम पर गांव छेलूराम चौक है। पिता रामबीर का पहले स्टोन क्रशर था, लेकिन पाबंदी के बाद उन्होंने अपना भट्‌ठा बना लिया था। पैसों और साधन की भी कोई कमी नहीं रही। आज भी गांव के अलावा सिकंदरपुर प्लॉट और सेक्टर 82 में मकान है। चुनाव आयोग को दिए विवरण में राहुल यादव के पास 2 करोड़ 64 लाख रुपए की संपत्ति है। वे 3 लाख 20 हजार रुपए तक की कमाई कर लेते है। इसके अलावा कृषि भूमि और कॉमर्शियल प्लॉट्स हैं। पढ़ाई कम, सुपरस्टार बने, चुनाव भी लड़ा परिवार वालों का कहना है कि राहुल ने केवल 10वीं क्लास तक की ही पढ़ाई की है। उसका गायकी में शुरू से ही रुझान रहा। रैपर के रूप में भी काम किया। आज उनका हरियाणवी, पंजाबी के अलावा बॉलीवुड के गानों में भी बोलबाला है। 2024 लोकसभा चुनाव में राहुल ने जननायक जनता पार्टी की तरफ से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार मिली। वे भाजपा के राव इंद्रजीत से चुनाव हार गए। हालांकि राजनीति में उनकी ज्यादा दिलचस्पी नहीं है। इसके बावजूद 13278 वोट लेकर तीसरे नंबर पर रहे थे, जिसे राहुल अपनी बड़ी उपलब्धि मानते हैं। फाजिलपुरिया ने बॉलीवुड में दिए सुपरहिट सॉन्ग फाजिलपुरिया के कुछ गाने बॉलीवुड में भी इस्तेमाल किए गए हैं। उन्होंने बादशाह के साथ कोलेबोरेशन में लड़की ब्यूटीफुल गाना गाया था। ये गाना ब्लॉकबस्टर रहा था। इसके अलावा उन्होंने शादी में जरूर आना फिल्म का सुपरहिट सॉन्ग ‘पल्लो लटके’ भी गाया था। कृति खरबंदा और राजकुमार राव पर ये गाना फिल्माया गया था और इसे 357 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं। साथ ही रणदीप हुड्‌डा की एक फिल्म में ‘तेरे पर कर दूं खर्च करोड़’ गाया था। राहुल फाजिलपुरिया ने लड़की ब्यूटीफुल सांग रैपर बादशाह के साथ गाया था। पसंद की लड़की से शादी की, टूट गया रिश्ता फिलहाल सिंगर अभी अकेले हैं और उनका डायवोर्स हो चुका है। परिवार के लोग बताते हैं कि राहुल ने अपनी पसंद की लड़की से शादी की थी। परिवार की रजामंदी होने पर धूमधाम से दोनों की शादी हुई। मगर, शादी का यह बंधन 3 साल में ही टूट गया। इसके पीछे का कारण भी समय न देने को बताया जाता है। फाजिलपुरिया से जुड़ी कॉन्ट्रोवर्सी…. सांप के जहर की तस्करी में नाम आया फाजिलपुरिया का नाता कॉन्ट्रोवर्सी के साथ बहुत पुराना है। वे यूट्यूबर और बिग बॉस के विनर रहे एल्विश यादव के करीबी हैं। दोनों के बीच अच्छी दोस्ती मानी जाती है। एल्विश यादव के सांपों के जहर के अवैध व्यापार के मामले में भी फाजिलपुरिया का नाम आया था। तब केंद्रीय जांच एजेंसी ED ने उनसे पूछताछ भी की थी। इसके अलावा ED ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा में एल्विश के साथ फाजिलपुरिया की प्रॉपर्टी भी जब्त की थी। झूठा फंसाया, बा-इज्जत बरी हुआ परिवार की मानें तो डेढ़ दशक पहले एक केस में राहुल को झूठा फंसा दिया गया था। मगर, कोर्ट ने उसे बा-इज्जत बरी कर दिया। यह घटना उसके स्कूल टाइम की है। गांव वालों का कहना है कि रेलवे स्टेशन के पास एक युवक का मर्डर हुआ था। उसमें फाजिलपुरिया को फंसाया गया था, लेकिन इन्वेस्टिगेशन के दौरान उसे बरी कर दिया था। अब हुई फायरिंग, बाल-बाल बचे राहुल यादव फाजिलपुरिया पर सोमवार (14 जुलाई) की रात फायरिंग हुई है। जिस वक्त हमला हुआ, फाजिलपुरिया अपनी सफेद रंग की थार से जा रहे थे। इसी दौरान हमलावर पीछे से दूसरी गाड़ी में आए और गोलियां चलाने लगे। इसकी भनक लगते ही फाजिलपुरिया ने गाड़ी दौड़ा ली। जिससे वह इस हमले में बाल-बाल बच गए। हमलावर जिस कार में सवार थे, पुलिस ने उसके मालिक और उसे चलाने वाले का पता लगा लिया है। ———————– फाजिलपुरिया से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…… हरियाणा में सिंगर फाजिलपुरिया पर फायरिंग:थार दौड़ा जान बचाई, 3 महीने पहले सिक्योरिटी हटी थी; ‘लड़की ब्यूटीफुल’ बॉलीवुड सॉन्ग गाया हरियाणा के गुरुग्राम में मशहूर सिंगर और रैपर राहुल यादव फाजिलपुरिया पर फायरिंग हुई है। जिस वक्त हमला हुआ, फाजिलपुरिया अपनी सफेद रंग की थार से जा रहे थे। इसी दौरान हमलावर पीछे से दूसरी गाड़ी में आए और गोलियां चलाने लगे। इसकी भनक लगते ही फाजिलपुरिया ने गाड़ी दौड़ा दी। जिससे वह इस हमले में बाल-बाल बच गए। (पूरी खबर पढ़ें)

Leave a Reply