सवाई माधोपुर में रणथंभौर टाइगर रिजर्व की पेरीफेरी वाले इलाकों में जंगली जानवरों का आने का सिलसिला थमता हुआ दिखाई नहीं दे रहा है। यहां आए दिन जंगली जानवर जंगल से बाहर निकल कर आ रहे हैं और लोगों पर हमला कर रहे हैं।
सवाई माधोपुर के खंडार उपखंड के मेई खुर्द गांव में बुधवार शाम को ऐसा ही वाकया हुआ। यहां एक फार्म हाउस पर जंगली सूअर घुस आया, जिसने एक महिला को गंभीर घायल कर दिया। मेई खुर्द गांव निवासी उर्मिला (40) पत्नी रामजीलाल गुर्जर ने बताया कि बुधवार शाम को वह बगीचे में लकड़ियां लेने गई थी। इसी दौरान एक जंगली सूअर खेत में आ गया। जंगली सूअर ने सामने आते ही उस महिला पर हमला बोल दिया। जिससे वह गंभीर घायल हो गई। गनीमत यह रही की घायल होने के बाद जंगली सूअर उसे छोड़कर वापस चला गया। बेटी ने दी परिजनों को जानकारी
इसी दौरान उसके पास में खेल रही उसकी बेटी ने घटना की जानकारी अन्य परिजनों को दी। जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। यहां से घायल महिला को बहरावंडा कलां अस्पताल लाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद महिला को जिला अस्पताल में रेफर कर दिया गया।‌
घटना की जानकारी मिलने के बाद खंडार क्षेत्रीय वन अधिकारी शैलेश अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे। यहां पहुंचकर वन‌ विभाग ने महिला का उपचार कराया। जंगली सूअर के हमले में महिला के पैर, जांघ और हाथ पर गंभीर चोटें हैं। फिलहाल महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है महिला नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टर नहीं होने पर हुआ हंगामा
जिला अस्पताल में अव्यवस्थाओं का आलम यह है कि ट्रॉमा सेंटर के इमरजेंसी वार्ड में एक भी महिला नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टर मौके पर नहीं थी। जंगली सूअर के हमलें में महिला की जांघों पर चोटे आई थी। घायल महिला के भाई हनुमान ने पुरुष कंपाउंडरों की ओर से टांके लगाने और पट्टी करने का विरोध किया, जिसके चलते नर्सिंग स्टाफ लक्ष्मीकांत मीणा और महिला के भाई हनुमान गुर्जर के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक देखने को मिली। इसके बाद महिला डॉक्टर मौके पर पहुंची और अस्पताल में महिला का उपचार किया गया। फिलहाल महिला जिला अस्पताल में भर्ती है और उसका उपचार चल रहा है।

Leave a Reply