Site icon Raj Daily News

जमीन का सौदा करके 24.50 लाख रुपए लिए:रजिस्ट्री करने से किया इनकार, रुपए वापस मांगने पर दी जान से मारने की धमकी

f0845756 ef84 4144 a4cb 8c30043e85481747379096345 1747381379 p9cB6Z

हनुमानगढ़ में एक व्यक्ति ने कृषि भूमि बेचने के नाम पर 24.50 लाख रुपए लेकर रजिस्ट्री करने से इनकार कर दिया। प्रदीप कुमार ने संगरिया पुलिस थाने में विनोद कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। प्रदीप कुमार ने 12 अक्टूबर 2016 को विनोद कुमार से सूरतगढ़ तहसील के मालेर गांव में स्थित 10 बीघा कृषि भूमि 25 लाख रुपए में खरीदने का सौदा किया था। सौदे के दिन ही गवाहों की मौजूदगी में 24.50 लाख रुपए का भुगतान कर दिया गया। शेष राशि रजिस्ट्री के समय देनी थी। रजिस्ट्री की निर्धारित तिथि 12 अक्टूबर 2018 को प्रदीप कुमार राजियासर एसआर कार्यालय पहुंचा, लेकिन विनोद कुमार नहीं आया। इसके बाद से विनोद कुमार लगातार टालमटोल करता रहा। दो दिन पहले जब प्रदीप कुमार ने विनोद से बात की, तो उसने रजिस्ट्री करने से साफ मना कर दिया। विनोद ने कहा कि उसने जमीन बेचने का झांसा देकर पैसे ले लिए हैं और जमीन किसी और को बेच देगा। इस मामले में दोबारा बात करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने विनोद कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी एसआई तेजवंत सिंह मामले की जांच कर रहे हैं।

Exit mobile version