जयपुर के गलता कुंड में शुक्रवार दोपहर एक युवक की डूबने से मौत हो गई। नहाते समय पैर फिसलने से वह कुंड में गिरा था। गलतागेट थाना पुलिस ने सिविल डिफेंस टीम की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चला शव को पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए शव को SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। SI गोवर्धन सिंह ने बताया- दोपहर करीब 2:15 बजे गलता तीर्थ स्थित कुंड पर एक युवक नहाने आया था। कुंड में नहाने के लिए उतरते समय पैर फिसलने से गिर गया। पानी में डूबते देखकर वहां मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। गलतागेट थाना पुलिस के साथ ही सिविल डिफेंस टीम भी मौके पर पहुंची। सिविल डिफेंस टीम ने तुरंत कुंड में उतर कर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान अलवर निवासी अनिल सैनी (25) के रूप में हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।