Site icon Raj Daily News

जयपुर के नीरज की पार्थिव देह घर पहुंची:पहलगाम आतंकी हमले में सीए की मौत हुई थी; लोगों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में जयपुर के सीए की भी मौत हो गई। बुधवार रात 8:15 बजे इंडिगो फ्लाइट संख्या 6E2042 से उनकी पार्थिव देह जयपुर पहुंची। एयरपोर्ट से पार्थिव देह को घर लाया गया। पार्थिव देह के साथ पत्नी आयुषी, बड़े भाई किशोर, भाभी शुभि भी आए थी। अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह नौ बजे किया जाएगा। मॉडल टाउन (मालवीय नगर) स्थित फॉरेस्ट व्यू रेजीडेंसी के रहने वाले नीरज उधवानी (33) पत्नी के साथ कश्मीर घूमने गए थे। कश्मीर से पत्नी आयुषी ने जेठ को फोन कर कहा था- नीरज को गोली लग गई। नीरज UAE में सीए थे। वहां से किसी की शादी अटेंड करने पत्नी के साथ शिमला गए थे। वहीं से दो-तीन दिनों का समय लेकर कश्मीर घूमने चले गए थे। फरवरी 2023 में पुष्कर के भंवर सिंह पैलेस में आयुषी से नीरज की शादी हुई थी। बड़े भाई किशोर उधवानी और उनकी पत्नी इनकम टैक्स इंस्पेक्टर हैं। घटना के समय पत्नी भी नीरज के साथ थी। नीरज के चाचा दिनेश उधवानी ने बताया- दुबई में नीरज जॉब करता था। तीन महीने पहले मंकर संक्रांति पर छुटि्टयों में नीरज जयपुर आया था। बड़े भाई के पास पत्नी का फोन आया था
मंगलवार रात को नीरज की पत्नी का कॉल किशोर उधवानी (बड़े भाई) के पास आया था। पत्नी ने बताया था कि नीरज को गोली लग गई है। फिलहाल सुरक्षा बलों ने हम लोगों को सुरक्षित स्थान पर रखा है। नीरज कहां है, कैसे-किस हाल में है, यह जानकारी नहीं मिल रही। इस फोन कॉल के साथ ही घर में कोहराम मच गया था। फौरन किशोर और उनके परिवार वाले दिल्ली रवाना हुए थे। दिल्ली से तड़के कश्मीर के लिए फ्लाइट से रवाना हुए थे। बुधवार रात वे शव के साथ लौटे। जैसलमेर के 32 लोग पहलगाम में फंसे
जैसलमेर 32 लोग पहलगाम के होटल में फंसे हुए हैं। विपुल भाटिया और उनके दोस्तों ने बताया कि वे 3 दिन से पहलगाम के एक होटल में रुके हुए हैं। मंगलवार को जो आतंकी हमला पहलगाम में हुआ, वे लोग तब घटनास्थल से मात्र 3-4 किमी की दूरी पर ही थे। जब वे एक टूरिस्ट स्पॉट पर थे, तब उनके कैब ड्राइवर ने बताया कि हमें होटल पहुंचना है, क्योंकि आतंकी हमला हुआ है और कई लोगों के मरने की आशंका है। कल दोपहर में हुआ हमला हुआ था
मंगलवार दोपहर पहलगाम के बैसरन घाटी में बड़ी तादाद में पर्यटक मौजूद थे। इसी दौरान आतंकवादियों ने गोलियां बरसानी शुरू कर दी। इसमें 27 लोगों की मौत हो गई। 20 से ज्यादा लोग घायल हैं। मृतकों में जयपुर (राजस्थान), UP, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और ओडिशा के पर्यटक शामिल हैं। नेपाल और UAE के एक-एक टूरिस्ट और 2 स्थानीय लोग भी मारे गए हैं। जम्मू-कश्मीर में 14 फरवरी 2019 को हुए पुलवामा अटैक के बाद ये सबसे बड़ा हमला है। पुलवामा में CRPF के काफिले पर फिदायीन हमला हुआ था, इसमें 40 जवान शहीद हुए थे। इसकी जिम्मेदारी जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी।

Exit mobile version