Site icon Raj Daily News

जयपुर में कांग्रेस-जिला उपाध्यक्ष ने कार से 9 को कुचला:3 की मौत, शराब के नशे में 7km तक दौड़ाता रहा, पीड़ित परिवारों को 50 लाख मुआवजा

जयपुर में सोमवार रात को शराब के नशे में कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष उस्मान खान ने SUV दौड़ाते हुए 9 लोगों को कुचल दिया। घटना में भाई-बहन सहित 3 लोगों की मौत हो गई। जबकि 6 लोग अब भी गंभीर घायल हैं। सरकार ने पीड़ित परिवारों को 50 लाख रुपए और संविदा पर नौकरी देने का ऐलान किया। सांसद मंजू शर्मा ने पीड़ित परिवार से बातचीत की है। वहीं, मंगलवार को कांग्रेस पार्टी ने उस्मान खान को जिला उपाध्यक्ष के पद से हटा दिया है। पुलिस के अनुसार, सबसे पहले शहर की एमआई रोड पर कार के वाहनों को टक्कर मारने की जानकारी मिली थी। इसके बाद कार शहर की तंग गलियों में घुस गई। पहले देखिए, हादसे से जुड़ी 6 PHOTOS… एक घंटे तक सड़कों पर मौत बनकर दौड़ी कार
एडिशनल DCP (नॉर्थ) बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि आरोपी ड्राइवर उस्मान खान (62) ने सबसे ज्यादा टक्कर करीब 500 मीटर के एरिया में मारी है। नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में संतोष माता मंदिर के पास आरोपी ड्राइवर ने पहले स्कूटी-बाइक को टक्कर मारी, फिर सड़क पर गिरे लोगों को कुचलते हुए भाग गया। उस्मान खान ने थाने के बाहर खड़ी गाड़ियों को भी टक्कर मारी है। आरोपी ने सोमवार रात 9.30 बजे सबसे पहले एमआई रोड पर एक गाड़ी को टक्कर मारी थी। उसके बाद शहर की गलियों से वाहनों को टक्कर मारते हुए वो नाहरगढ़ रोड पहुंचा था। एक महिला सहित 3 लोगों की मौत
हादसे में शास्त्री नगर निवासी वीरेंद्र सिंह (48), ममता कंवर (50), नाहरगढ़ रोड निवासी मोनेश सोनी (28), मानबाग खोर शारदा कॉलोनी निवासी मोहम्मद जलालुद्दीन (44) घायल हुए। वहीं, संतोषी माता मंदिर के पास निवासी दीपिका सैनी (17), गोविंदराव जी का रास्ता निवासी विजय नारायण (65), जेबुन्निशा (50), अंशिका (24) व लालदास का खाड़ा निवासी अवधेश पारीक (37) को भी घायल स्थिति में हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां डॉक्टर्स ने ममता कंवर और अवधेश को मृत घोषित कर दिया। मंगलवार सुबह एक और घायल वीरेंद्र सिंह ने भी दम तोड़ दिया। ममता कंवर और वीरेंद्र सिंह भाई-बहन थे। कांग्रेस ने कार्यकारिणी से निष्कासित किया
नाहरगढ़ रोड पर कार की चपेट में आने वाले 6 घायलों की हालत गंभीर है। उन्हें सवाई मानसिंह हॉस्पिटल (SMS) के ट्रॉमा वार्ड में एडमिट कराया गया है। वहीं, आरोपी उस्मान खान का भी देर रात को ही मेडिकल कराया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वह काफी नशे में था। आरोपी जयपुर के शास्त्री नगर की राणा कॉलोनी का रहने वाला है। उसकी विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया में लोहे के पलंग बनाने की फैक्ट्री है। उस्मान खान लंबे समय से कांग्रेस से जुड़ा रहा है। वो जयपुर जिला कांग्रेस का उपाध्यक्ष था। मंगलवार सुबह जिला अध्यक्ष आर आर तिवाड़ी ने उसे जिला कार्यकारिणी से निष्कासित कर दिया। उस्मान खान के खिलाफ मृतक महिला ममता कंवर के पिता ने FIR दर्ज कराई है। कार की टक्कर से मौके पर दम तोड़ने वाले अवधेश पारीक सैनेटरी पैड बेचने का काम करते थे। वह दो भाई और दो बहन थे, जिनमें से एक बहन की पहले ही मौत हो चुकी है और एक भाई दिव्यांग है। गलियों में फंसा, लोगों की मदद से पकड़ा गया
नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में सबसे ज्यादा लोग घायल हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि ड्राइवर ने नाहरगढ़ थाने के पास स्कूटी को टक्कर मारी। इस पर सवार तीन लोग घायल हुए। उसके बाद 200 मीटर आगे स्कूटी व बाइक को टक्कर मारी। फिर संतोषी माता मंदिर के पास लोगों को टक्कर मारी। हादसे के बाद लोग कार को पकड़ने के लिए पीछे भागे। पुलिस की मौजूदगी में लोगों की भीड़ को देखकर ड्राइवर उस्मान ने दोबारा कार को भगाया। करीब एक किलोमीटर दूर संजय सर्कल पर पुलिस ने कार सहित उसको पकड़ लिया। ————————————————————————- जयपुर में तेज रफ्तार कार के कहर से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… जयपुर में बेकाबू कार के कुचलने से 2 की मौत:तेज रफ्तार में कई गाड़ियों को टक्कर मारी; 4 गंभीर हालत में SMS अस्पताल में भर्ती जयपुर में देर रात एक बेकाबू कार ने 6 से ज्यादा लोगों को कुचल दिया। हादसे में 2 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 4 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों ने गणगौरी अस्पताल पहुंचाया। पूरी खबर पढ़िए…

Exit mobile version