Site icon Raj Daily News

जयपुर में नाहरगढ़ पहाड़ी पर पार्टी के बाद युवक लापता:6 दोस्तों ने रातभर तलाश की, पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया, 21 घंटे बाद मिला

जयपुर में नाहरगढ़ पहाड़ी पर दोस्तों के साथ पार्टी करने गया युवक लापता हो गया। उसके साथी रातभर तलाश करते रहे, नहीं मिला। परिजनों और पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया। आखिरकार 21 घंटे बाद पहाड़ी पर युवक बैठे हुए मिला। घटना भट्टा बस्ती थाना इलाके की मंगलवार शाम की है। युवक को बुधवार सुबह 11 बजे पहाड़ी से उतार लिया गया। थानाधिकारी हरिओम ने बताया- भट्टाबस्ती के शिवाजी नगर का रहने वाला किशोर स्वामी (40) कॉलोनी के 6 दोस्तों के साथ नाहरगढ़ पहाड़ी पर घूमने गया था। जंगल में पहाड़ियों में बैठकर सातों दोस्तों ने शराब पार्टी की। पार्टी करने के बाद लौटने के लिए सभी दोस्त साथ निकले थे। रास्ते में किशोर कुछ दूर पहले रुकने के कारण दोस्तों से बिछड़ गया। किशोर के दोस्त नीचे उतर गए। हालांकि जब उन्हें किशोर के नहीं लौटने का पता चला तो दोस्तों ने उसे ढूंढने का निर्णय किया। 6 दोस्त उसे रात के अंधेरे में ढूंढने निकले। रातभर ढूंढने के बाद भी पहाड़ियों पर लापता किशोर का पता नहीं चला। पुलिस के साथ चलाया सर्च ऑपरेशन
बुधवार सुबह 11 बजे स्थानीय लोगों के साथ लापता किशोर के परिजन भट्टाबस्ती थाने पहुंचे। नाहरगढ़ पहाड़ी पर घूमने गए अपने बेटे के जंगल में लापता होने की शिकायत दी। पुलिस ने तुरंत टीम बनाई। पुलिस के करीब 12-13 जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से नाहरगढ़ पहाड़ियों में लापता किशोर की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब 4 घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस टीम को लापता किशोर स्वामी एक पहाड़ी पर बैठा मिला। सीढ़ी लगाकर पहाड़ी से नीचे उतारा
पुलिस टीम ने लोगों की मदद से सीढ़ी पहाड़ी पर लगाई और ऊंचाई पर बैठे किशोर को मशक्कत के बाद नीचे उतारा। किशोर स्वामी ने बताया- वह रास्ता भटक गया था। घर जाने के प्रयास में पहाड़ियों पर ही इधर-उधर भटकता रहा। झाड़ियों में फंसने के साथ ही ऊंची पहाड़ियों से नीचे उतरना बहुत मुश्किल था। बचने के लिए रातभर जोर-जोर से आवाज लगाता रहा, लेकिन उसकी आवाज किसी ने नहीं सुनी। कई घंटे भटकने के बाद निराश होकर पहाड़ी की चट्टान पर बैठ गया।

Exit mobile version