टेलीविजन एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी और उनके पति विवेक दहिया जल्द इंडिया लौटेंगे। दोनों पिछले एक हफ्ते से इटली में फंसे हुए हैं। दरअसल, दोनों फ्लोरेंस, इटली में वेकेशन मनाने गए हुए थे जहां इनका पासपोर्ट और करीबन 10 लाख का सामान चोरी हो गया था। इंडियन ऐंबेसी ने जारी किया इमरजेंसी सर्टिफिकेट अब दिव्यांका और विवेक ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर इस बारे में एक नया अपडेट शेयर किया है। दोनों ने अपनी एक फोटो शेयर की है जिसमें ये इमरजेंसी सर्टिफिकेट पकड़े हुए नजर आ रहे हैं। ये सर्टिफिकेट उन्हें इंडिया लौटने के लिए इंडियन ऐंबेसी ने जारी किए हैं। दोनों ने फोटो शेयर करते हुए लिखा,’ जल्द ही भारत आ रहे हैं। हम आप सबके प्यार और सहयोग के लिए तहे दिल से आभारी हैं। इंडियन ऐंबेसी को तहे दिल से शुक्रिया जिनकी वजह से हमारी घर वापसी मुमकिन हो पाई।’ दिव्यांका-विवेक के साथ क्या हुआ था? दिव्यांका त्रिपाठी पति विवेक के साथ अपनी शादी की 8वीं एनिवर्सरी मनाने के लिए इटली के फ्लोरेंस शहर गई हुई थीं। जहां उनका 10 लाख रुपए का सामान और पासपोर्ट चोरी हो गया था। वहां उन्होंने किराए पर एक कार ली थी, जिसके जरिए वो रहने के लिए होटल और रिसोर्ट देख रहे थे। बुकिंग के सिलसिले में वो एक रिसोर्ट गए थे, लेकिन जब वो बाहर आए तो देखा कि उनकी कार के शीशे तोड़कर उनका सारा सामान चोरी कर लिया गया है। चोरी हुए सामान में उनके पैसे और पासपोर्ट भी थे। साथ ही बीते दिन की गई शॉपिंग का सारा सामान भी कार में ही था। कपल ने इसकी रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, लेकिन लोकल पुलिस ने ये कहते हुए मदद करने से इनकार कर दिया कि जिस जगह उनका सामान चोरी हुआ है, वहां कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं है। पासपोर्ट और पैसे चोरी होने के बाद कपल को फ्लोरेंस में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। जिस रिसोर्ट से कपल का सामान चोरी हुआ है, वहां के स्टाफ ने उनकी ठहरने में मदद जरूर की है, लेकिन पैसे न होने पर उन्हें दिक्कत हो रही है। कपल ने भारत लौटने के लिए भारतीय दूतावास से टेंपरेरी पासपोर्ट की मांग की थी, जिसके जरिए वापस भारत लौटने में मदद मिल सके।
जल्द इंडिया वापस लौटेंगे दिव्यांका-विवेक:इंडियन ऐंबेसी ने दिया इमरजेंसी सर्टिफिकेट; दोनों का इटली में 10 लाख का सामान चोरी हुआ था
