Site icon Raj Daily News

जल संरक्षण के लिए राज्य सरकार की नई पहल:वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान में जुटेंगे सभी वर्ग, जिला प्रभारी मंत्री ने की समीक्षा बैठक

af1a6b97 b3f1 4363 8774 e8b9710f3382 1749049651516 YhdHTF

राज्य सरकार ने भूजल स्तर बढ़ाने और जल संचयन को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विश्व पर्यावरण दिवस और गंगादशमी के अवसर पर गुरुवार को वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान की शुरुआत की जाएगी। जिला प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल ने जिला कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में इस अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान में वंदे गंगा कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। जलाशयों पर पूजन कार्यक्रम होंगे। अभियान के तहत कई गतिविधियां होंगी। इनमें जल संचय संरचनाओं का निर्माण शामिल है। जल स्रोतों की सफाई की जाएगी। परंपरागत जलाशयों का पुनरुद्धार किया जाएगा। पर्यावरण और जल संरक्षण की गतिविधियां आयोजित होंगी। पटेल ने कहा कि यह अभियान राज्य को जल स्वावलंबी बनाने के लिए है। इसमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है। जयपुर के विभिन्न जिलों में स्थानीय जरूरतों के हिसाब से काम होंगे। भामाशाह, उद्यमी, प्रवासी और खनन से जुड़े लोगों का सहयोग लिया जाएगा। खनन प्रभावित क्षेत्रों में पेड़ लगाने को प्राथमिकता दी जाएगी। जिले के सभी जल स्रोतों पर वृक्षारोपण किया जाएगा। इस तरह यह अभियान जल संरक्षण की दिशा में एक नई शुरुआत साबित होगा। उन्होंने कहा कि समस्त जल स्रोतों की आवश्यक मरम्मत करवाने के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि जल स्रोतों पर अतिक्रमण नहीं हो। अभियान में अधिक से अधिक जन भागीदारी के लिए जन प्रतिनिधियों, धर्म गुरुओं, राजीविका से जुड़ी महिलाओं तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से जल संरक्षण की अपील करवाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस दौरान प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल ने जयपुर जिला प्रशासन द्वारा संचालित रास्ता खोलो अभियान, सक्षम जयपुर अभियान, नशा मुक्त जयपुर अभियान लाडेसर अभियान के तहत जयपुर जिले में हुई कार्यों की प्रगति से रूबरू करवाया। साथ ही उन्होंने जयपुर जिला प्रशासन के नवाचारों की सराहना की और उन्हें राज्य स्तर पर अनुकरणीय बताया। इस अवसर पर जिला प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल एवं जिला प्रभारी सचिव श्रेया गुहा ने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के पोस्टर, जन्म मृत्यु एवं विवाह पंजीकरण मार्गदर्शिका- 2025, फ्लैगशिप योजनाएं-2025 और जयपुर सतत विकास लक्ष्य सूचकांक-2025 का विमोचन भी किया। प्रभारी मंत्री ने ली जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक इससे पहले प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल ने जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला अधिकारियों की बैठक ली। जयपुर जिले की प्रभारी सचिव श्रेया गुहा की मौजूदगी में आयोजित समीक्षा बैठक में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की तैयारियों, बजट घोषणाओं एवं सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने जानकारी दी कि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज वन विभाग, जल संसाधन एवं अन्य विभागों के 56.49 करोड़ की लागत के 1778 कार्यों का लोकार्पण एवं अवलोकन किया जाएगा। शहरी क्षेत्र में गलता जी तीर्थ, जग्गा की बावडी, खनिया की बावड़ी और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर श्रमदान, पौधारोपण तथा साफ सफाई का आयोजन किया जाएगा। साथ ही, विभिन्न विभागों के करीब 99 करोड़ की कुल 1 हजार 949 कार्यों का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया जाएगा। अभियान के तहत 1 हजार 500 राजस्व गांवों में पौधारोपण का कार्य भी किया जाएगा। बैठक में प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल ने अधिकारियों को वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की समस्त तैयारियां सुनिश्चित करने सहित बजट घोषणाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन और फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचाने के निर्देश दिए। ये रहें मौजूद बैठक में जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी, आयुक्त नगर निगम जयपुर रुक्मणी रियार, आयुक्त नगर निगम जयपुर हेरिटेज अरुण कुमार हसिजा, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतिभा वर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) विनीता सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर (द्वितीय) आशीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर (तृतीय) कुंतल विश्नोई, अतिरिक्त जिला कलक्टर (चतुर्थ) देवेन्द्र कुमार जैन, अतिरिक्त जिला कलक्टर (दक्षिण) संतोष मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (उत्तर) मुकेश कुमार मूंड, अतिरिक्त जिला कलक्टर (दूदू) गोपाल परिहार सहित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने शिरकत की।

Exit mobile version