दौसा ज़िला क्रिकेट संघ में एक बार फिर गुटबाजी की सुगबुगाहट तेज होती दिख रही है। संघ की अध्यक्ष शोभना गुर्जर ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा कि मैं शोभना गुर्जर पूर्व प्रधान दौसा, वर्तमान जिलाध्यक्ष जिला क्रिकेट संघ दौसा के अध्यक्ष पद से किन्हीं कारणों से त्यागपत्र देती हूं। इस संदेश को ही मेरा त्यागपत्र माना जाए। हालांकि उन्होंने इस्तीफे के कारणों का खुलासा नहीं किया है, लेकिन अचानक जिला क्रिकेट संघ अध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर खेल प्रेमियों को चौंका दिया है। माना जा रहा है कि क्रिकेट संघ में गुटबाजी के कारण उन्होंने इस्तीफा दिया है। शोभना गुर्जर दौसा पंचायत समिति में प्रधान रह चुकी हैं। पिछले दिनों लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कांग्रेस को छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। बता दें कि शोभना गुर्जर ने हाल ही में राजस्थान स्टेट शूंटिंग चैम्पियनशिप में सीनियर मास्टर कैटिगरी (50 मीटर) में प्रथम स्थान प्राप्त कर बडी उपलब्धि हासिल की है। इस प्रतियोगिता में शोभना गुर्जर को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया है। उन्होंने स्टेट शूंटिंग चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर राजस्थान में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।