डूंगरपुर के कोकापुर गांव में 6 दिवसीय भगवान शांतिनाथ दिगंबर जिन बिंब जैन मंदिर पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आचार्य सुनील सागरजी महाराज के आशीर्वाद से यह कार्यक्रम चल रहा है। महोत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को कार्यक्रम स्थल हस्तिनापुर नगर में प्रातः इंद्र-इंद्राणी समूह ने जिनेंद्र भगवान का पंचामृत अभिषेक किया। कमलेश शाह परिवार ने प्रतिमा पर विश्व शांति की कामना के लिए शांतिधारा की। विधि-विधान के बाद 81 कलश धारी महिलाओं के साथ बग्घी और घोड़े सहित शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए नवनिर्मित शांतिनाथ मंदिर पहुंची। ब्रह्मचारी विनय भैया के मंत्रोच्चारण के साथ गर्भगृह में निर्मित वेदी की 81 जलपूरित कलशों से शुद्धि की गई। मंदिर के चारों दिशाओं में हवन भी किया गया। दोपहर में गर्भ कल्याणक के अवसर पर शांतिनाथ भगवान की माता महारानी ऐरा देवी की गोद भराई की रस्म हुई। सायंकाल संगीतकार राम कुमार भोपाल की स्वर लहरियों के साथ पंच परमेष्ठी और शांतिनाथ भगवान की आरती की गई। आचार्य सुनील सागरजी महाराज ससंघ शुक्रवार प्रातः पाडवा से पद विहार कर कोकापुर पहुंचेंगे। समाज के लोग बैंड-बाजों के साथ उनकी अगवानी करेंगे। भगवान के जन्म कल्याणक पर पांडुक शिला पर बालक तीर्थंकर का 1008 कलशों से जन्माभिषेक होगा। रात्रि में हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
जैन मंदिर पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन:कोकापुर में शांतिनाथ जिनालय का 81 कलशों से शुद्धिकरण, शोभायात्रा निकाली
