जैसलमेर में गुरुवार व शुक्रवार को बारिश के आसार है। इससे पहले जिले में 8 दिन बाद बुधवार को फिर से मानसून सक्रिय हुआ। सम व फतेहगढ़ क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई। बुधवार को शाम 5 बजे तक सम में 17 एमएम बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा चेलक व देवीकोट में 2-2 एमएम बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार व शुक्रवार को भी बारिश के आसार है। इसके साथ ही 30 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है। गुरुवार को जैसलमेर में अलसुबह हल्के बादल छाए, मगर सूरज निकलने से उमस व गर्मी ने परेशान किया। हालांकि बुधवार को बादलों की आवक से राहत मिली थी, मगर तापमान 43 डिग्री के पार ही रहा। तेज बारिश नहीं होने से बढ़ी उमस
गौरतलब है कि पश्चिमी जिले जैसलमेर में मानसून की दस्तक हुए करीब 9 दिन हो चुके हैं। जैसलमेर जिले में 8 जुलाई को मानसून ने दस्तक दी थी। जिससे सम व फतेहगढ़ क्षेत्र में बारिश हुई थी। बुधवार को जैसलमेर शहर में बूंदाबांदी ही हुई। जैसलमेर शहर में मानसून की अब तक एक भी अच्छी बारिश नहीं हुई है। अब तक कोई ताकतवर सिस्टम सक्रिय नहीं होने से तेज बारिश नहीं हो पा रही है। तेज बारिश नहीं होने से उमस का असर का बढ़ता जा रहा है। कई किसानों ने अभी तक खरीफ फसल की बुवाई भी नहीं की है। बुधवार को मानसून सक्रिय हुआ है। शहर में दिनभर बादल छाए रहे। वहीं आंधी भी चली। आज मिल सकती है गर्मी व उमस से राहत
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार गुरुवार व शुक्रवार को भी जिले में बारिश के आसार है। कृषि मौसम वैज्ञानिक अतुल गालव के अनुसार गुरुवार व शुक्रवार को बारिश, वज्रपात, मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। जिससे तापमान में गिरावट होगी। वहीं गर्मी व उमस से राहत मिलेगी।
