जैसलमेर जिले में उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री रहा। राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 42.8 डिग्री व जैसलमेर में 42.7 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 29 डिग्री के पार चल रहा है। ऐसे में दिन के साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार, 26 जून तक जिले में मौसम साफ रहेगा। इस दौरान तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी का असर भी बढ़ेगा। जिले में 1 से 5 जुलाई के बीच मानसून दस्तक देगा। उससे पहले प्री-मानसून की बारिश होगी। जिससे भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद है। प्रदेश में श्रीगंगानगर के बाद सबसे गर्म रहा जैसलमेर
जैसलमेर जिले में मंगलवार को दोपहर में मौसम का पारा इस कदर चढ़ा कि शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। उमस व तल्ख धूप के कारण लोग घरों में ही दुबके रहे। जरुरी होने पर ही घरों से बाहर निकले। दिन में हल्के बादलों की भी आवाजाही बनी रही। धूप और हल्के बादलों की वजह से उमस रही। उमस की वजह से लोग बेहाल नजर आए। मंगलवार को अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री रिकार्ड किया गया। राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 42.8 डिग्री व जैसलमेर में 42.7 डिग्री रिकार्ड किया गया। गौरतलब है कि प्रदेश में मानसून की बारिशों का दौर चल रहा है। वहीं जैसलमेर अभी तक सूखा है। अभी तक प्री मानसून की भी दस्तक नहीं हुई है। मौसम विभाग के अनुसार जिले में जुलाई महीने के पहले हफ्ते में मानसून की झड़ी लगने की संभावना है।
जैसलमेर में तापमान पहुंचा 42.7 डिग्री:प्रदेश में श्रीगंगानगर के बाद सबसे गर्म रहा, गर्मी-उमस ने किया बेहाल
