जैसलमेर के 32 सैलानियों के कश्मीर में फंसे होने की खबर भास्कर ऐप पर प्रकाशित होने के बाद प्रदेश के मुखिया भजनलाल शर्मा ने बुधवार को सैलानियों से बात की और उनका हौसला बढ़ाया। साथ ही सैलानियों को जैसलमेर वापस पहुंचाने की व्यवस्था की भी बात कही। जैसलमेर के विपुल भाटिया ने बताया कि CM भजनलाल शर्मा ने फोन पर सबका हौसला बढ़ाया। हमने फिर आगे सफर जारी रखने का फैसला किया है। विपुल ने बताया कि CM के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, जोधपुर पुलिस रेंज IG विकास कुमार, जैसलमेर कलेक्टर प्रताप सिंह व SP सुधीर चौधरी ने भी फोन पर बात की।
विपुल भाटिया ने बताया कि सभी के फोन आने के बाद हम सभी 7 कपल ने अपना आगे का सफर जारी रखने का फैसला किया और हम आज (गुरुवार) को गुलमर्ग में है और 26 अप्रैल को अपना टूर खत्म करके जैसलमेर लौट जाएंगे। भास्कर ऐप में खबर के बाद हरकत में आई सरकार
गौरतलब है कि भास्कर ऐप ने बुधवार को जैसलमेर के 32 सैलानियों के पहलगाम में फंसे होने की खबर पब्लिश की थी। खबर पब्लिश होने के बाद राजस्थान सरकार हरकत में आई और सभी अधिकारियों समेत मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत व खुद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उनसे फोन पर बात करके हालत के बारे में जानकारी ली। सभी ने उनकी मदद करने और जैसलमेर वापस आने की व्यवस्था की बात कही। विपुल ने बताया कि कश्मीर में राजस्थान सरकार के मुखिया और अधिकारियों के फोन आने के बाद हमारा हौसला बढ़ा है और हमने अपना टूर जारी रखने का फैसला किया है। जैसलमेर के 32 सैलानी थे पहलगाम में
दरअसल जैसलमेर जिले के 32 सैलानी पहलगाम हमले के बाद वहां फंस गए थे। जिनमें 7 कपल अपने बच्चों के साथ थे। इनमें से 6 सैलानी पहलगाम से श्रीनगर लौट आए। लेकिन भाटिया समाज के 7 कपल अपने बच्चों के साथ पहलगाम में होटल में ही फंस गए। भास्कर ऐप ने जब ये खबर दिखाई तब सरकार हरकत सभी ने उनके हालचाल पूछी और हर संभव मदद का भरोसा देकर जैसलमेर वापस लाने की व्यवस्था करने की बात कही। आज गुलमर्ग पहुंचे, 26 को लौटेंगे जैसलमेर
जैसलमेर के सुलभ भाटिया ने बताया कि वे 19 अप्रैल को अपने दोस्तों व परिवार के साथ करीब 7 कपल व बच्चों समेत 26 लोग कश्मीर गए। मगर पहलगाम में हमले के बाद वे पहलगाम में ही फंस गए। सुरक्षा कारणों से होटल वालों ने भी चेकआउट नहीं करने दिया। इस दौरान वे लोग काफी घबरा गए थे। मगर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का फोन आने के बाद उनका हौसला बढ़ा है और अब वे अपना टूर कंप्लीट करके 26 अप्रैल को जैसलमेर लौटेंगे। यह खबर भी पढ़े…
पहलगाम में फंसे जैसलमेर के 32 लोग:बच्चों समेत 7 कपल दहशत में, होटल से चेकआउट पर रोक जैसलमेर से कश्मीर वैली गए बड़ी संख्या में सैलानी अपने परिवार के साथ पहलगाम के होटल में फंसे हुए हैं। पहलगाम प्रशासन द्वारा सभी होटल संचालकों को फिलहाल अगले आदेशों तक किसी भी सैलानी को होटल से चेकआउट करने पर अंतरिम रोक लगाई है, इसके कारण ये सैलानी होटल में ही रुकने को मजबूर हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
जैसलमेर में सैलानियों से सीएम ने कश्मीर में किया संपर्क:हरसंभव मदद का दिया भरोसा, पर्यटक बोले- अब टूर पूरा करके ही लौटेंगे
