जोधपुर में सोमवार दोपहर 3 बजे पत्थर कटिंग फैक्ट्री के मालिक की हत्या कर दी गई। फैक्ट्री मालिक का पत्थर खरीदने आए कारोबारियों से झगड़ा हो गया था। झगड़ा इतना बढ़ गया कि उन्होंने पत्थर उठाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली बल्ली (मोटे डंडे) से फैक्ट्री मालिक पर वार कर दिया। मामला जोधपुर के राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र के केरू गांव का है। डीसीपी वेस्ट राजेश कुमार यादव ने बताया- केरू के खनिज क्षेत्र के पाबूमगरा में स्थित जोधपुरी पत्थर के कटिंग की फैक्ट्री के मालिक अर्जुन सिंह (45) की हत्या की गई। शव को मथुरादास माथुर हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। मामले में शामिल आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस के अनुसार पत्थर का बिजनेस करने वाले महावीर और राजू सिंह सोमवार दोपहर अर्जुन सिंह की फैक्ट्री में आए थे। पत्थर के ट्रांसपोर्ट को लेकर उनका अर्जुन सिंह से झगड़ा हो गया। इस झगड़े में उन्होंने बल्ली से हमला कर दिया। सूचना पर शाम करीब 4 बजे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस फैक्ट्री मालिक अर्जुन को कायलाना रोड स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हत्या के बाद आरोपी भाग गए। 15 साल से चला रहे थे फैक्ट्री
अर्जुन मूल रूप से नारवा खींचियां गांव के रहने वाले थे। वर्तमान में शिकारगढ़ की तिरुपति विहार कॉलोनी में रहते थे। करीब 15 साल से केरू में पत्थर कटिंग की फैक्ट्री और खदान चला रहे थे।
