Site icon Raj Daily News

जोधपुर में हीटवेव का येलो अलर्ट, पारा 43 डिग्री पर:19 जून के बाद मानसून की एंट्री की संभावना, 26 तक हो सकती है बारिश

मरुनगरी जोधपुर में गर्मी का प्रकोप जारी है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुरुवार को यह 44.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। राहत की बात यह है कि मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान में 19 जून के बाद मानसून की दस्तक की संभावना है। हालांकि मानसून का निर्धारित समय 25 जून है। जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र का पूर्वानुमान है कि 20 जून तक राज्य में औसत बारिश होगी, जबकि 20 से 26 जून के बीच औसत से अधिक वर्षा हो सकती है। प्रदेश के 9 शहरों में पारा 44 डिग्री से ऊपर दर्ज प्रदेश में गुरुवार को गर्मी जबरदस्त रही। जोधपुर के अलावा 18 अन्य शहर ऐसे रहे, जहां का अधिकतम तापमान 44 डिग्री या उससे ऊपर दर्ज हुआ। आज सबसे ज्यादा गर्मी गंगानगर में रही, जहां का अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री दर्ज हुआ। फिलहाल 15 जून तक प्रदेश में हीटवेव का असर बना रहेगा। जोधपुर में लोग तीखी धूप से बचने के लिए विभिन्न तरीकों का सहारा ले रहे हैं। तापमान लगातार 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

Exit mobile version