उदयपुर के वल्लभनगर में कांग्रेस की पूर्व MLA प्रीति गजेन्द्रसिंह शक्तावत द्वारा थानाधिकारी दिनेश पाटीदार पर लगाए गए बदसलूकी के आरोप को लेकर कलेक्ट्री पर कांग्रेसियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने टायर जलाकर विरोध जताया। आक्रोशित कुछ कार्यकर्ता कलेक्ट्री गेट पर लगी बेरिगेटिंग पर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे। पूर्व MLA प्रीति गजेन्द्रसिंह शक्तावत ने कहा कि एसपी को ज्ञापन देकर मांगी गई है कि जल्द से जल्द थानाधिकारी दिनेश पाटीदार को हटाया जाए। बदसलूकी के दौरान मैंने जब उन्हें कहा था कि मुझे जानते नहीं हो क्या। इस पर उन्होंने कहा कि जानता हूं क्या कर लेगी। शक्तावत का कहना था कि मेरे साथ ऐसा दुर्व्यवहार किया तो आमजन के साथ क्या होता होगा। शहर कांग्रेस जिला अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़, देहात जिला अध्यक्ष कचरूलाल चौधरी, प्रदेश सचिव दिनेश श्रीमाली, महासचिव पंकज शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष अजयसिंह, सोमेश्वर मीणा आदि मौजूद थे। दो दिन पूर्व डीएसपी को दी थी शिकायत
दरअसल, वल्लभनगर के ऐतिहासिक शीतला माता मंदिर में 30 किलो चांदी की चोरी का खुलासा नहीं होने पर दो दिन पहले क्षेत्रवासियों, व्यापारियों और वकीलों ने जमकर विरोध-प्रदर्शन किया था। इसमें पूर्व MLA शक्तावत भी अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के शामिल हुईं थीं। पुलिस भीड़ को नियंत्रित कर रही थी। तभी पूर्व MLA शक्तावत ने आरोप लगाया कि थानाधिकारी दिनेश पाटीदार ने उनके साथ धक्का मुक्की की। जिससे उनके सिर का पल्लू जोर से खिंच गया। पूर्व MLA ने आरोप लगाया कि मेरे द्वारा उन्हें गलती बताने के बावजूद बदतमीजी की। पूर्व MLA ने डीएसपी राजेन्द्र को भी लिखित शिकायत दी थी।
