रावतसर थाना पुलिस ने दहेज हत्या के प्रकरण में मंगलवार को विवाहिता के पति को गिरफ्तार किया। इस प्रकरण में मृतका के पति के अलावा सास-ससुर व देवर भी नामजद हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की संलिप्तता का पता लगा रही है। पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि 22 जून को रावतसर पुलिस थाना में पाली जिले के रोहट पुलिस थाने से जीरो नम्बरी एफआईआर मिली थी। रिपोर्ट में लक्ष्मण सिंह (30) पुत्र मदन सिंह राजपुरोहित निवासी धर्मधारी पीएस रोहट जिला पाली ने बताया कि उसकी चचेरी बहन खुशबू पुत्री गंगासिंह निवासी धर्मधारी तहसील रोहट जिला पाली की शादी 11 जुलाई 2024 को भोमसिंह पुत्र नारायण सिंह निवासी गांव डोली राजगुरु जिला बालोतरा के साथ सम्पन्न हुई थी। तीन महीने पूर्व खुशबू अपने पति भोमसिंह के साथ रहने रावतसर में रहने के लिए गई, जहां पर पति के साथ किराए के मकान में रहती थी। वहां पर जाने के पश्चात खुशबू का पति व ससुराल वाले कम दहेज लाने की बात कहकर खुशबू को प्रताड़ित व परेशान करने लगे। 16 जून को रावतसर में संदिग्ध अवस्था में खुशबू की मृत्यु हो गई। इसकी सूचना खुशबू के ससुराल वालों ने न तो स्थानीय पुलिस को दी और न ही स्थानीय व जिला अस्पताल में जांच करवाई। खुशबू का शव चुपचाप अपने गांव डोली राजगुरु जिला बालोतरा लेकर आ गए। सूचना मिलने पर वे सभी मिलकर गांव डोली राजगुरु जिला बालोतरा गए, जहां पर खुशबू की लाश एम्बुलेंस में पड़ी थी। शव को देखातो पता चला कि खुशबू के शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान थे। उसके चाचा धनसिंह तथा गंगासिंह ने खुशबू के ससुराल पक्ष के लोगों को कहा कि उनकी बेटी की आप लोगों ने दहेज की खातिर हत्या कर दी है। इसकी जांच पुलिस से करवाई जानी जरूरी है। यह बात सुनते ही खुशबू के ससुराल वाले आग-बबूला हो गए। खुशबू के ससुराल वाले और वहां पर खड़े उनके रिश्तेदार थानसिंह ने उन्हें धमकी दी कि जो है वो यही है। यदि ज्यादा होशियारी करोगे तो तुम्हारी पुत्री निरमा जो पहले से ही इस घर में शादीशुदा है उसे घर से बाहर निकाल देंगे। इस कारण उसके चाचा गंगासिंह की तबीयत और खराब हो गई। खुशबू के ससुराल पक्ष के लोगों ने जबरदस्ती किसी प्रकार की जांच करवाए बिना ही अपने अपराधों को छुपाने के लिए जल्दबाजी में खुशबू के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। एसपी के अनुसार एफआईआर दर्ज कर अनुसंधान रावतसर वृत के वृत्ताधिकारी हंसराज बैरवा के सुपुर्द किया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए जांच अधिकारी को निर्देशित किया। एफएसएल, एमओबी टीम की ओर से घटना स्थल का निरीक्षण किया गया। परिवादी तथा गवाहों से अनुसंधान कर अनुसंधान के बाद आरोपी पति भोमासिंह (28) पुत्र नारायण सिंह राजपुरोहित निवासी पुरोहितों का बास, डोली पीएस कल्याणपुर जिला बालोतरा हाल किराएदार मकान विक्रम सिंह राठौड़, वार्ड 22, कस्बा रावतसर को गिरफ्तार किया। प्रकरण में अनुसंधान जारी है।
दहेज के लिए विवाहिता की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार:पुलिस को बिना बताए कर दिया था अंतिम संस्कार, सास-ससुर और देवर भी आरोपी
