एयरपोर्ट पर गुरुवार को भी दुबई की इंटरनेशनल फ्लाइट्स का शेड्यूल गड़बड़ा गया। एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को जहां ऐनवक्त पर रद्द कर दिया गया। वहीं, स्पाइसजेट की फ्लाइट लगातार तीसरे दिन 4 घंटे लेट रवाना हुई। एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स-195 सुबह 5:55 बजे जयपुर से दुबई रवाना होना थी। सुबह 4 बजे 180 यात्री पहुंच गए थे, लेकिन एयरलाइंस ने ऐनवक्त पर संचालन कारणों का हवाला देकर फ्लाइट रद्द कर दी। उधर, फ्लाइट बुधवार रात 12:45 बजे फ्लाइट आईएक्स-196 को दुबई से जयपुर आना था, लेकिन तकनीकी कारणों से रद्द कर दी गई। स्पाइसजेट एयरलाइंस की फ्लाइट एसजी-57 सुबह 9:30 बजे जयपुर से दुबई जानी थी। इसके बाद दोपहर 12:55 बजे दुबई पहुंचना थी, लेकिन इनकमिंग फ्लाइट की देरी से री-शेड्यूल किया गया। बाद में 4 घंटे लेट दोपहर डेढ़ बजे दुबई के लिए रवाना हुई।