Site icon Raj Daily News

देवनानी बोले-गहलोत की घिसाई हो,तब समझ आएगा संघ क्या है:RSS को समझने के लिए उनको एक जन्म और लेना पड़ेगा; अभी उन्हें समझ नहीं

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि RSS को समझने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को एक जन्म और लेना पड़ेगा। वो आरएसएस की शाखा में जाएं, उसमें साल-दो साल रहे, घिसाई हो तब जाकर उनको समझ में आएगा की संघ क्या है? देवनानी रविवार को हरि सेवा धाम के वार्षिकोत्सव में शामिल होने भीलवाड़ा पहुंचे थे। देवनानी ने मीडिया से बातचीत के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान- विधानसभा अध्यक्ष आरएसएस के कार्यकर्ता है और सीएम की रेस में शामिल है पर पलटवार किया। उन्होंने कहा- मैं आरएसएस का कार्यकर्ता हूं, यह मेरे लिए गर्व की बात है, लेकिन मैं इतना जरूर कह सकता हूं कि गहलोत में संघ की समझ नहीं है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा- जो कुछ बातें वो (गहलोत) कह रहे हैं, वो अपने दल में करें। हमारे दल में इस प्रकार का कुछ नहीं है। संगठन और विधानसभा तय करती है। संघ एक राष्ट्र भक्त और संस्कारी संगठन है और संस्कारी व्यक्ति तैयार करता है। उन्हीं संस्कारों को लेकर व्यक्ति अपने जीवन में आगे बढ़ता है। विधानसभा अध्यक्ष बोले- उनका नेतृत्व, उनकी बातों को महत्व नहीं देता
देवनानी ने कहा- आजकल अशोक गहलोत की बातों को उनका केंद्रीय नेतृत्व और राजस्थान के पदाधिकारी महत्व नहीं देते हैं। इसलिए मैं भी उनको महत्व नहीं देता हूं। मैं भी उनकी भाषा और व्यक्तित्व को महत्व नहीं देता। बाकी जो उन्होंने कहा है कि मैं आरएसएस का हूं, उसमें कोई दो राय नहीं कि मैं आरएसएस का हूं और इसमें मुझे गर्व है कि मेरे संस्कार आरएसएस के हैं। 3 साल से ज्यादा सजा हुई तो BAP MLA की सदस्यता खत्म होगी
देवनानी ने कहा- भारतीय आदिवासी पार्टी (BAP) के विधायक जयकृष्ण पटेल के सवाल के बदले रिश्वत लेने के मामले की जांच सदाचार कमेटी को रेफर की है। कमेटी अपनी रिपोर्ट विधानसभा के पटल पर रखेगी। तब विधानसभा पटेल के खिलाफ कार्रवाई का मसौदा तैयार करेगी। विधानसभा जो निर्णय लेगी, उस आधार पर पटेल पर कार्रवाई की जाएगी। विधायक के खिलाफ पुलिस और एसीबी कार्रवाई कर रही है। सदाचार कमेटी की रिपोर्ट जल्द आएगी, जिसे विधानसभा सत्र में रखा जाएगा। 3 साल से ज्यादा सजा होने पर विधायक पटेल की विधानसभा सदस्यता समाप्त हो जाएगी। ये सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग के निर्देश है। इसी के तहत विधायक कंवरलाल मीणा के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। अब जानिए- देवनानी को लेकर क्या बोले थे पूर्व सीएम 1. पार्टी के 6 लोगों को सस्पेंड किया
जोधपुर में 28 जून को पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने राजस्थान विधानसभा जिक्र करते हुए कहा था- विधानसभा स्पीकर ने हमारी पार्टी के 6 विधायकों को सस्पेंड कर दिया, जबकि मैं खुद भी मुख्यमंत्री रहा हूं, कई बार विरोध हुआ, लेकिन एक बार चेतावनी देने के लिए सस्पेंड कर दिया, लंबे समय तक किसी को सस्पेंड नहीं रखा, लेकिन विधानसभा के स्पीकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को सदन से बाहर निकाल कर उनके ऊपर 1 घंटे की डिबेट रख रहे हैं, क्या यह संविधान के अंतर्गत हो रहा है। 2. गहलोत ने कहा था देवनानी का नाम सीएम की रेस में
पूर्व सीएम ने वासुदेव देवनानी को लेकर कहा था कि हमने सुना है कि उनका नाम भी मुख्यमंत्री की रेस में चला है। पता नहीं भजनलाल मुख्यमंत्री रहेंगे या वह रहेंगे, यह तो वह जाने, लेकिन खबरें दिल्ली से आने लगी है, इसको लेकर मैं पूर्व में भी कहा था। गहलोत ने कहा- राज्यपाल चुनी हुई सरकारों में दखल दे रहे हैं, ये और देश देख रहा है। ……………………… अशोक गहलोत से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें …
गहलोत बोले- उपराष्ट्रपति, लोकसभा स्पीकर भी दबाव में:बिना दबाव में इस तरह का व्यवहार नहीं कर सकते; BJP का लोकतंत्र में विश्वास नहीं जोधपुर में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। गहलोत ने कहा कि राज्यपाल से लेकर न्यायपालिका, उपराष्ट्रपति और देश के लोकसभा स्पीकर तक सभी दबाव में हैं। BJP का लोकतंत्र में विश्वास नहीं है। (पढ़ें पूरी खबर)

Exit mobile version