अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग फ्री-डे से शुरू हुआ दैनिक भास्कर का प्लास्टिक नहीं, जूट सही अभियान शनिवार को भी जारी रहा। ग्रेटर मेयर डॉ. सौम्या गुर्जर और जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जार्ज जोसेफ भास्कर की मुहिम का हिस्सा बने और लोगों को जूट बैग अपनाने की सलाह दी ताकि पर्यावरण को बचाया जा सके। शहर की विभिन्न संस्थाएं भास्कर मुहिम जुड़ रही हैं। कई सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठन, अधिकारी-कर्मचारियों ने जूट, कपड़े, कागज के थैले उपयोग में लेने का संकल्प लिया है। साथ ही कचरे में प्लास्टिक की थैलियों को गाय को खाने से बचाया जा सकता है। क्योंकि प्लास्टिक बैग का उपयोग ही नहीं होगा तो सड़कों और कचरे के ढेर पर मिलेगी ही नहीं, जिसे गोवंश खाएगा ही नहीं। शहर की स्थिति भी सुधरेगी, क्योंकि प्लास्टिक बैग नालों को भी जाम कर देते हैं, जिसकी वजह से बारिश के दौरान पानी नालों की बजाय सड़कों पर बहता है और आम राहगीर को परेशानी उठानी पड़ती है। भास्कर अभियान से डॉक्टर्स, व्यापारी व धर्मगुरु सभी जुड़े और लोगों को भी जोड़ना शुरू किया गया। भास्कर के इस अभियान की सराहना चारों और हो रही है। डॉक्टर्स और शिक्षक बच्चों को प्लास्टिक बैग का उपयोग नहीं करने की सलाह दे रहे हैं। मेयर सौम्या गुर्जर ने दिलवाया प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने का संकल्प मेयर डॉ. सौम्या गुर्जर ने निगम अफसरों व चेयरमैनों के साथ भास्कर की मुहिम प्लास्टिक नहीं, जूट सही का संदेश आमजन को दिया। उन्होंने कहा इस पहल को नगर निगम हर नागरिक तक पहुंचाएगा। साथ ही प्लास्टिक का उपयोग बंद करने की कार्रवाई करेगा। साथ ही लोगों को जागरूक भी किया जाएगा कि वे स्वत: ही प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने की मुहिम से जुड़े और अपने पड़ोसी को भी प्लास्टिक नहीं अपनाने की सलाह दें। मेयर सौम्या ने बताया कि प्लास्टिक की थैलियों की वजह से ही शहर के नाले साफ नहीं हो पाते और कचरे के ढेर में प्लास्टिक मिक्स होने पर यह पर्यावरण को तो नुकसान पहुंचाता ही है। साथ ही इसका सेवन करने से गोवंश भी मृत्यु के कगार पर पहुंच जाता है। करतारपुरा के टैगोर नगर स्थित डीएन चिल्ड्रन अकादमी विद्यालय के स्थापना दिवस पर जूट बैग के फायदे बताए। स्थापना दिवस के आयोजन में निदेशक, प्रधानाध्यापिका, शिक्षक ने प्लास्टिक हटाओ, पर्यावरण बचाओ को आगे बढ़ाते हुए भास्कर मुहिम की सराहना की। विद्यालय की तरफ से पौधे वितरित किए गए। तिलक नगर राजापार्क के एलबीएस ने भी भास्कर की मुहिम का हिस्सा बनते हुए लोगों से और स्टूडेंट्स से जूट बैग अपनाने की सलाह दी है। एलबीएस कॉलेज के प्रिंसीपल डॉ. मुदित गुप्ता, कृष्ण मोहन, जयसिंह और डॉ. घनश्याम गौत्तम ने लोगों को जूट बैग उपयोग करने का संकल्प दिलवाया है और स्टूडेंट्स को शपथ भी दिलवाई। स्कूल के स्थापना दिवस पर दिया जूट बैग अपनाने का संदेश LBS कॉलेज ने दिलवाई शपथ, स्टूडेंट्स नहीं अपनाएंगे प्लास्टिक