अलवर में दो अलग-अलग जगहों पर दूध व दाल गिरने से एक युवक व एक बालक झुलस गया। दोनों जिला अस्पताल में भर्ती हैं। अलवर-खैरथल रेलवे मार्ग पर आगरा निवासी 28 वर्षीय राजवीर सिंह निजी कंपनी के तहत टावर लगाने का काम करता है। सोमवार देर रात जब वह अपने साथी के साथ टेंट में सो रहा था, तभी उसका साथी दाल पका रहा था। अचानक किसी कारणवश दाल का बर्तन पलट गया और गर्म दाल सीधा राजवीर के शरीर पर गिर गई। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गया। वहीं दूसरी घटना मालाखेड़ा क्षेत्र के पिला ढाबा गांव की है। जहां 5 वर्षीय नमन राजपूत खेलते समय गर्म दूध से झुलस गया। नमन के पास ही दूध का भगोना रखा हुआ था और जैसे ही उसकी बड़ी बहन वहां से गुजरी, भगोना गिर गया और गर्म दूध नमन पर फैल गया। बच्चा बुरी तरह झुलस गया, जिसे परिवार वालों ने तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। दाेनों का जिला अस्प्ताल में इलाज जारी है।
दो जगहों पर युवक व बालक झुलसे:एक पर गर्म दूध गिर गया दूसरे पर उबलती दाल
