भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने धौलपुर जिले के जिला अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। राजवीर सिंह राजावत को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे सत्येंद्र पाराशर की जगह लेंगे, जिन्हें विधानसभा चुनाव से पहले यह पद दिया गया था। राजवीर सिंह राजावत बसेड़ी कस्बे से आरएसएस के साथ जुड़े रहे हैं। सूत्रों के अनुसार आरएसएस की सिफारिश पर प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें यह जिम्मेदारी दी है। प्रदेश अध्यक्ष ने दो अन्य जिलों में भी नए अध्यक्षों की नियुक्ति की है। झुंझुनूं से हर्षिनी कुल्हरी और जोधपुर देहात से ज्योति ज्याणी को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। राजावत की नियुक्ति से कई स्थानीय नेताओं की दावेदारी खारिज हो गई है। नए जिला अध्यक्ष ने कहा कि वे संगठन को मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारियों के साथ मिलकर काम करेंगे। पिछले जिला अध्यक्ष सत्येंद्र पाराशर का कार्यकाल 20 महीने का रहा। उनके कार्यकाल में धौलपुर जिले की चारों विधानसभा सीटें भाजपा हार गई थी। लोकसभा चुनाव में भी करौली-धौलपुर संसदीय सीट पर पार्टी को पराजय का सामना करना पड़ा था। इन हारों के बाद से ही नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें लग रही थीं।