धौलपुर पुलिस ने ऑपरेशन खुशी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो माह से लापता एक नाबालिग लड़की को अहमदाबाद से बरामद किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। घटना 9 मई 2025 की है। धौलपुर की एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि दोपहर करीब 2:30 बजे आरोपी युवक उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा नंबर 127/2025 के तहत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा के निर्देशन में टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज शर्मा और वृत्ताधिकारी मुनेश कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। महिला थाना की थानाधिकारी छवि फौजदार ने अपनी टीम के साथ अहमदाबाद में छापेमारी की। 21 जून 2025 को पुलिस टीम ने अहमदाबाद के मारिया पार्क से लड़की को बरामद कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के ऑपरेशन खुशी अभियान के तहत की गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गुमशुदा बच्चों की बरामदगी है।