प्रदेश के मौसम में एक्टिव हुए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते पिछले 3 दिन से नागौर में मौसम बदला हुआ है। बीती रात नागौर में जोरदार ठंडी हवाओं का दौर चला। बीती शाम से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं, हालांकि आज धूप निकली है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो आज भी नागौर में ठंडी हवाओं का दौर जारी रहेगा। सोमवार दोपहर बाद ठंडी हवाओं का क्रम थमने की संभावना है। नागौर के गवर्नमेंट एग्रीकल्चर कॉलेज स्थित वेदर स्टेशन आज सुबह न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले यहां शनिवार को न्यूनतम तापमान 14.5 और अधिकतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया गया था। शनिवार को दिनभर बादलों की आवाजाही रही और ठंडी हवाएं भी जारी रहीं। शनिवार शाम होते-होते एक बार फिर ठंडी हवा चली। जयपुर मौसम केंद्र ने नागौर में आज भी हवाएं चलने की संभावना जताई है। बारिश की गतिविधियां आज थम चुकी हैं। वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर खत्म होने के बाद आज से मौसम साफ होना शुरू होगा। अभी वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने के कारण सुबह-शाम एक बार फिर ठंडक का एहसास होने लगा है।