नागौर में मानसून के सीजन में गर्मी लोगों को छका रही है। गर्मी से बेहाल लोग दिनभर मानसून के असली रंग बारिश की आस कर रहे हैं। रात में गर्मी से विशेष राहत नहीं मिल रही है। नागौर में गर्मी से आम जन बेहाल है। आषाढ़ का महीना समापन की ओर है, लेकिन नागौर बैशाख महीने की शुरुआत जैसी गर्मी पड़ रही है। लोग ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते फिर से नजर आ रहे हैं। राहगीर भी दोपहर भी बाहर निकलने से बचने लगे हैं। दोपहर साढ़े 11 बजे ही तापमान 38 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। पिछले 3 दिनों से तापमान लगातार बढ़त बनाए हुए है। आसमान साफ होने की वजह से गर्मी की तपिश लगातार बनी हुई है। नागौरवासी उमस से काफी परेशान नजर आ रहे हैं। नागौर वेदर स्टेशन के मुताबिक दिन का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है, वहीं रात का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नागौर वेदर स्टेशन के मुताबिक नागौर जिले के कुछ इलाकों में आज शाम के बाद बारिश की संभावना है।